फिल्मी अंदाज में चेन झपटमारी, टोटो सवार महिला को निशाना बनाकर बाइक सवार बदमाश फरार

 

कोडरमा। झुमरी तिलैया शहर के अड्डी बंगला इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े चेन झपटमारी की वारदात से सनसनी फैल गई। करीब 11 बजे टोटो से जा रही एक महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया और फिल्मी अंदाज में उसके गले से सोने की चेन झपटकर गझंडी रोड की ओर फरार हो गए।बताया जाता है कि महिला टोटो पर सवार होकर कहीं जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसके करीब पहुंचे। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन खींच ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार में बाइक लेकर गझंडी रोड की ओर निकल गए।

घटना के वक्त सड़क पर लोगों की आवाजाही थी, बावजूद इसके बदमाशों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई चेन झपटमारी की इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा तेज हो गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि झुमरी तिलैया शहर और आसपास के इलाकों में बाइक सवार बदमाशों द्वारा महिलाओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। खासकर अकेले सफर करने वाली महिलाओं और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और पूर्व में हुई चेन झपटमारी की घटनाओं का भी जल्द खुलासा करने की मांग की है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!