अवैध बालू खनन का विरोध करने पर युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या,आक्रोशितों ने किया सड़क जाम
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जैतगढ़ ओपी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन का विरोध करने पर एक युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। यह घटना शुक्रवार को मुंडाई गांव में हुई। मृतक की पहचान दीपक प्रधान के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गयास्थानीय सूत्रों के अनुसार, दीपक प्रधान क्षेत्र में अवैध बालू खनन और उसके परिवहन का लगातार विरोध कर रहे थे। शुक्रवार को भी उन्होंने बालू लदे एक ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। दीपक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
युवक की हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस कारण कई घंटों तक सड़क जाम रहा और यातायात बाधित रहा, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन का धंधा लंबे समय से चल रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बालू माफिया और पुलिस की मिलीभगत से खुलेआम अपना कारोबार चला रहे हैं और इसका विरोध करने वाले आम लोगों पर जानलेवा हमले किए जा रहे है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि बालू ले जा रहे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

