जमीन विवाद को लेकर युवक की पीट पीटकर हत्या,दो घंटे तक यातायात रहा प्रभावित…
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिण सरफराजगंज कटहलबाड़ी भट्ठा गांव में जमीन विवाद में एक 30 वर्षीय युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी गई।घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने उधवा-राधानगर मुख्य सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
मामले की सूचना मिलते ही राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा भीड़ को नियंत्रित करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल भेज दिया। इस दौरान लगभग दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।पुलिस ने करीब 6 लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
घटनास्थल पर मौजूद मृतक की भाभी शीला देवी ने बताया कि गांव के ही विफल घोष तथा अन्य चार पांच लोग एकजुट होकर हथियार एवं लाठी लेकर जबरन घर में घुस गए और कार्तिक मंडल को घसीटते हुए घर से बाहर ले आए और बीच सड़क पर उसकी पीट पीट कर हत्या कर दी।घटना का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है।
पीड़ित महिला के मुताबिक, विगत सात जनवरी की रात यहां कुछ लोगों ने साजिश के तहत घर में आग लगा दी थी।इस दौरान 15 घर जलकर राख हो गए थे।इस दौरान कार्तिक मंडल का घर भी जल गया था।इसके बाद विफल घोष तथा दूसरे लोगों ने कार्तिक मंडल को घर बनाने से भी रोका था। थाने में इसकी शिकायत भी की गयी थी।इधर, कार्तिक मंडल की मौत के बाद उसकी पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है।
राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिण सरफजगंज के कटहलबाड़ी भठ्ठा में मंगलवार के दोपहर जमीन विवाद में कार्तिक मंडल 40 वर्ष की मौत की खबर मिलते ही मतम छा गया।इधर आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने उधवा-राधानगर आरईओ सड़क को जाम कर विरोध-प्रदर्शन करतें हुए अविलंब आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में मृतक के परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।कुछ लोगों को चश्मदीदों के बयान के आधार पर हिरासत में लिया गया है।

