विवाद सुलझाने गए युवक की अपराधियों ने सीने में गोली मारकर कर दी हत्या..
देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में बीती रात सखुआ जंगल के पास हुई घटना में करणी बाग निवासी 40 वर्षीय कारू रावत की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कारू रावत दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे थे, तभी अपराधियों ने उन पर गोली चला दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, सखुआ जंगल के समीप दो गुटों में किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। इसी बीच कारू रावत को इसकी खबर मिली और वे मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने लगे। लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई। अचानक वहां मौजूद कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली कारू रावत की छाती में जा लगी।
गंभीर रूप से घायल कारू रावत को स्थानीय लोगों की मदद से देवघर सदर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत नाजुक होने के कारण कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी पत्नी रीना देवी ने आरोप लगाया कि अज्ञात अपराधियों ने जानबूझकर उनके पति को निशाना बनाया था।
घटना की जानकारी मिलते ही कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की है। अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।पुलिस ने शव को आज पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायगा।

