महिला से मारपीट और छेड़खानी मामला:जिस इलाके में किया दबंगई, उसी इलाके में हथकड़ी लगाकर पैदल घुमाया…फिर भेजा जेल
जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित नया बस्ती में महिला के साथ मारपीट, छेड़खानी और सिगरेट से दागने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।आरोपी की पहचान बागबेड़ा नया बस्ती रोड नंबर तीन निवासी कन्हैया रजक के रूप में हुई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजने से पहले उसी इलाके में पैदल घुमाया, ताकि लोगों में उसके द्वारा दी जाने वाली धमकियों का डर खत्म हो सके।
पुलिस ने आरोपी कन्हैया रजक को हथकड़ी लगाकर बागबेड़ा नया बस्ती में पैदल घुमाया। इस दौरान पुलिसकर्मी उसे लेकर इलाके की सड़कों पर चले, ताकि स्थानीय लोगों को यह संदेश दिया जा सके कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अक्सर लोगों को धमकाता था और इलाके में भय का माहौल बनाता था। इसी कारण उसे सार्वजनिक रूप से घुमाने का फैसला लिया गया, ताकि लोगों में उसका डर समाप्त हो और वे निर्भय होकर पुलिस को जानकारी दे सकें।
आरोपी को इलाके में घुमाने के बाद पुलिस उसे एसएसपी कार्यालय लेकर पहुंची।वहां प्रेस वार्ता के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस दौरान कन्हैया रजक लंगड़ाते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचा। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान जब छापेमारी की जा रही थी, तब आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान उसे चोट लग गई, जिसके कारण वह लंगड़ाता हुआ नजर आया।
मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कन्हैया रजक के खिलाफ पहले भी बागबेड़ा थाना में दो मामले दर्ज हैं।ये दोनों मामले मारपीट से जुड़े हुए हैं। पुलिस को जैसे ही महिला के साथ मारपीट और छेड़खानी की शिकायत मिली, तुरंत कार्रवाई की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।उन्होंने कहा कि महिला के साथ छेड़खानी जैसे मामलों में पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है और इस मामले में भी वही किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पांच मार्च की शाम बागबेड़ा नया बस्ती में आरोपी ने एक महिला के साथ मारपीट की और उसके साथ छेड़खानी भी की। इस दौरान उसने महिला को सिगरेट से दागने की भी कोशिश की। घटना के समय वहां कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने महिला को बचाने की कोशिश नहीं की। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई शुरू की।
वायरल वीडियो में आरोपी कन्हैया रजक महिला के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। साथ ही वह आसपास मौजूद दुकानदारों को दुकान बंद करने के लिए धमका रहा था।इतना ही नहीं, वह वहां मौजूद लोगों को गाली-गलौज कर डराने की भी कोशिश कर रहा था।पुलिस अब इस मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जुटा रही है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई मजबूत तरीके से की जा सके।

