रामगढ़ जिले में जंगली हाथियों का कहर जारी, दो लोगों को कुचलकर मार डाला…अबतक 6 लोगों की मौत,कई घायल..
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक चरम पर है।पिछले तीन दिनों में हाथियों ने 6 लोगों पर हमला किया था, जिसमें चार लोगों की मौत मंगलवार को हुई थी। वहीं एक बार फिर शुक्रवार को जिले के दो अलग-अलग वन क्षेत्रों में हाथियों ने दो लोगों को कुचलकर मार डाला।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार अहले सुबह करीब 4 बजे कुजू वन क्षेत्र के करमा (सुगिया) प्रोजेक्ट के पीट ऑफिस के सामने कोयला चुनने गए सुगिया गांव निवासी लोकनाथ मुंडा (40) को जंगली हाथी ने मार डाला।वहीं दूसरी घटना रामगढ़ वन क्षेत्र में हुई है। जिसमें कुंदरू सरैया ईंट भट्ठे में काम कर रही महिला मजदूर काजल देवी (32) पर भी हाथियों ने हमला कर दिया। जिसमें महिला की मौत हो गई है। साथ ही हाथियों ने दर्जनों ग्रामीणों की फसल, बाउंड्री और घरों को नुकसान पहुंचाया है। वहीं हाथियों की मौजूदगी से लोगों में दहशत है।
बता दें कि रामगढ़ जिले में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है।जिले के कुज्जू, वेस्ट बोकारो और रामगढ़ थाना क्षेत्र में जंगली हाथी विचरण कर रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार झुंड में 42 हाथी हैं, जो अलग-अलग जगह पर शहरी इलाकों में घुसकर जान-माल के साथ-साथ घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
हाथियों को सुरक्षित वन क्षेत्र भेजने में रामगढ़ वन विभाग की टीम विफल साबित हो रही है। पिछले मंगलवार को एक ही दिन में हाथियों ने शाम से लेकर रात तक चार लोगों को कुचलकर मार डाला था।जिसमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं।
वर्तमान में सिरका क्षेत्र में 7 हाथी, सुगिया क्षेत्र में 4 हाथी, तोपा क्षेत्र में 4 हाथी, उखरबेड़ा क्षेत्र में 11 हाथी, छत्तरमांडू क्षेत्र में 3 हाथी, गोबरदाहा क्षेत्र 1 हाथी फिलहाल मौजूद हैं। पहली बार इन क्षेत्रों में हाथियों के आगमन से लोगों में दहशत है। हालांकि वन विभाग की टीम लोगों से हाथियों के करीब नहीं जाने की अपील की है।
वन विभाग के रेंजर बटेश्वर पासवान ने शुक्रवार को दोनों पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता राशि के तौर पर 25 हजार रुपये दिए हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हाथी के करीब जाकर सेल्फी या फोटो लेने की कोशिश न करें। साथ ही रात होने पर घरों से बाहर नहीं निकलें। साथ ही वर्तमान में जिस क्षेत्र में हाथी विचरण कर रहे हैं उस क्षेत्र के लोगों से बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 42 हाथियों का झुंड अलग-अलग क्षेत्र में विचरण कर रहा है।जिसमें शहरी और ग्रामीण इलाकों के लोग इसकी जद में है।

