पत्नी ने पति के सीने में चाकू मारकर कर दी हत्या,आरोपी पत्नी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुर्मीपाड़ा इलाके में पत्नी ने पति की चाकू से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय महावीर यादव के रूप में हुई है। वह निजी ट्रक चालक था।
मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की देर शाम महावीर अपने बड़े भाई अवधेश यादव के साथ भाड़े के मकान में पहुंचा था। वहां तीनों ने मिलकर शराब पी।इसके बाद अवधेश सो गया, लेकिन पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि काजल ने गुस्से में चाकू उठाकर महावीर के सीने में घोंप दिया।चाकू सीने में लगते ही महावीर की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया।वहीं घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी पत्नी काजल देवी को हिरासत में ले लिया है।
“मामला हत्या का है।आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर किया गया है।जांच हर पहलू से की जा रही है।इसमें और किसी का हाथ है या नहीं इस पर गहनता से जांच की जा रही है।आरोपी पत्नी से पूछताछ की जा रही है।आगे की कार्रवाई जारी है।”-राज कुमार मेहता,एसपी जामताड़ा।
इधर,मृतक के पिता रामसुबोध यादव ने बताया कि करीब 14 साल पहले थाने में जबरन उनकी शादी कराई गई थी। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि चार साल पहले काजल ने शराब के नशे में झाड़ू की सींक से उनकी बाईं आंख फोड़ दी थी।पिता के मुताबिक, पति-पत्नी अक्सर झगड़ा करते थे और शराब पीते थे। इसी आदत के कारण उनके बीच रिश्तों में तनाव बढ़ता गया। परिजनों का आरोप है कि काजल का स्वभाव पहले से ही झगड़ालू था। वह अक्सर मारपीट करती थी।
घटना के बाद दंपती की 7 वर्षीय बेटी बेसहारा हो गई है। काजल के पिता सूरज उर्फ पप्पू साव ने भी स्वीकार किया कि उन्होंने कई बार दोनों को शराब पीने से मना किया, लेकिन वे नहीं माने।अब इस हत्या की वारदात से दोनों परिवारों में तनाव की स्थिति है। फिलहाल पुलिस ने काजल को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

