ससुराल से लौटते वक्त अज्ञात गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर, हॉस्पिटल पहुंचने से पहले युवक की मौत ,20 दिन पहले हुई थी शादी…

 

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा मेहरमा-ठाकुरगंगटी मुख्य मार्ग पर चंपा गांव के पास हुआ।मृतक की पहचान मेहरमा थाना क्षेत्र के मानगढ़ निवासी प्रकाश पासवान के पुत्र 26 वर्षीय विक्रम पासवान के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, विक्रम अपनी ससुराल बलबड्डा थाना क्षेत्र के लोचिन्ता गांव गया हुआ था। वहीं से वह अपने घर मानगढ़ लौट रहा था। इसी दौरान चंपा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विक्रम सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद तत्काल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अजय तिवारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की माँ माला देवी ने बताया कि उनका बेटा अपनी ससुराल से लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आसपास के गांवों के लोग भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।घटना की जानकारी मिलते ही मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के निर्देश पर सहायक पुलिस अवर निरीक्षक सुदील टोप्पो घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ है।

वाहन और चालक की पहचान के लिए पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है। मृतक विक्रम पासवान की शादी अभी बीस दिन पहले ही बलबड्डा थाना क्षेत्र के लोचिन्ता निवासी रामचंद्र पासवान की पुत्री किरण देवी से हुई थी।

error: Content is protected !!