शादी की खुशियां मातम में बदली…तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई..एक ही परिवार के 2 की मौत
देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले के सीमा से सटे बिहार के जमुई जिले में देवघर के रहने वाले दो लोगों की मौत सड़क हादसे में हो गयी है। घटना देवघर-चकाई पथ पर मोहनपुर गांव स्थित अपना ढाबा के पास रविवार सुबह करीब आठ बजे की है। अनियंत्रित तेज रफ्तार वाली कार की टक्कर पेड़ से हो जाने के कारण ये दुर्घटना हुई। मृतकों की पहचान देवघर नगर थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी मुहल्ला निवासी कृष नंदन सिंह (58) और रिंकू देवी (45), पति ललन सिंह के रूप में हुई है।दोनों एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति बेहद तेज थी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सीट समेत वाहन के कई अंदरूनी हिस्से टूटकर सड़क पर बिखर गए। जानकारी के मुताबिक कार सवार बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धदौर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर देवघर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।हालांकि अस्पताल पहुंचने पर ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

