आईआरबी जवान हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में छठ महापर्व के दिन 27 अक्टूबर को मामूली विवाद में आईआरबी जवान चास के यदुवंश नगर निवासी अजय यादव उर्फ सोनू के हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी बलराम तिवारी उर्फ अंकित तिवारी (25) और सूरज कुमार उर्फ पप्पु कुमार (21) को गिरफ्तार किया है।दोनों आरोपियों को धनबाद जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे ताकि गिरफ्तारी से बच सकें। विशेष जांच दल (SIT) ने कई दिनों की तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें पकड़ने में सफलता पाई।

एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि बोकारो एसपी के निर्देश पर गठित SIT ने 5 नवंबर को दोनों को धनबाद से गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 7.65 एमएम की देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी बलराम तिवारी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चास थाना में कांड संख्या 107/2022 (धारा 307 सहित) और सेक्टर-12 थाना में कांड संख्या 25/2022 (धारा 379/411/34) दर्ज हैं। घटना से कुछ महीने पहले वह धनबाद के भूली क्षेत्र में चाऊमीन का ठेला लगाता था और छठ पूजा पर अपनी माँ से मिलने चास आया था। सह-आरोपी सूरज कुमार उर्फ पप्पु कुमार के खिलाफ भी चोरी और वाहन चोरी के आरोप में चास थाना कांड संख्या 337/23 दर्ज है।

27 अक्टूबर को आरोपी बलराम तिवारी ने योजना बनाकर जवान की गोली मारकर हत्या की और तुरंत अपने एक सहयोगी के साथ बाइक से भाग गया था। चास से निकलने के बाद उसके बिहार भागने की सूचना थी, जहां उसने अपनी बाइक एक रिश्तेदार के पास रखी और फिर दूसरे स्थान के लिए भाग गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी बलराम तिवारी एक एक लड़की के संपर्क में था। उससे अंकित मंडल नामक युवक भी बातचीत करता था। इसकी जानकारी होने पर उसने 27 अक्टूबर को अंकित मंडल के साथ मारपीट की। बीचबचाव करने आया अजय यादव उर्फ सोनू। इसके बाद नाराज बलराम तिवारी ने सोनू की हत्या कर दी।

error: Content is protected !!