पाकुड़ कोर्ट से हत्या के दो दोषी फरार…सजा सुनाए जाने के पहले चकमा देकर भागे,तलाश में जुटी पुलिस
पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ न्यायालय परिसर से हत्या के दो दोषी फरार हो गए। बुधवार को अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद सजा सुनाए जाने से पहले वे पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।फरार हुए दोषियों की पहचान नरेन महली और शिवधान महली के रूप में हुई है। यह घटना उस समय हुई, जब चारों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में भेजने की तैयारी की जा रही थी।यह मामला अमड़ापाड़ा थाना में वर्ष 2017 में हुई एक हत्या से संबंधित है। एडीजे की अदालत में इस मामले की सुनवाई चल रही थी, जिसमें कुल चार अभियुक्त शामिल थे।बुधवार को न्यायालय ने सभी चार अभियुक्तों को हत्या का दोषी करार दिया था। दोषियों के फरार होने की खबर से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस उनकी तलाश में जुट गई।मामले को लेकर एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि दो कैदी फरार हुए हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

