धनबाद में दो गुट आपस में भिड़ गए…जेएलकेएम नेता पर हमले के बाद बवाल, भारी हंगामे के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के ओपी क्षेत्र के भौंरा परसियाबाद में दो गुट आपस में भिड़ गए, जिसके बाद जमकर बवाल हुआ। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। हंगामे के दौरान कोयला लोड वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए गए। बवाल बढ़ता देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इस घटना में जेएलकेएम नेता कार्तिक महतो गंभीर रूप से घायल हैं।इसके साथ ही हादसे में दूसरे लोग भी चोटिल हुए हैं।
दरअसल, कार्तिक महतो जेएलकेएम के झरिया प्रखंड अध्यक्ष हैं।घटना के बाद से पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी रोष है जबकि दूसरा गुट पूर्व पार्षद सह कारोबारी शिव कुमार यादव का समर्थक हैं।कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगे वाहनों के परिचालन में आए दिन बाधा उत्पन्न करने और पैसा मांगने का आरोप जेएलकेएम नेता पर लगता रहा है।दोनों गुटों की तरफ से पुलिस में शिकायत की गई है।पुलिस दोनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस मामले में जेएलकेएम नेता शक्तिनाथ महतो ने आरोप लगाते हुए कहा कि, शिव कुमार यादव के गुंडों द्वारा पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष कार्तिक महतो पर जानलेवा हमला किया गया है। हमले में कार्तिक महतो का हाथ टूट गया है।कार्तिक महतो जनता की समस्याओं को हमेशा उठाते रहे हैं। उन लोगों को लगता है कि यह नेता बन रहा है, इसलिए टारगेट कर उनके ऊपर जानलेवा हमला किया गया है। मामले को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर JLKM ने सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
वहीं शिवकुमार यादव ने कहा कि लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। आए दिन कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगे हाइवा के परिचालन को इनके द्वारा बाधित किया जाता है। इनके द्वारा पैसे की मांग की जाती है और पैसे नहीं देंने पर ड्राइवर के साथ बदसलूकी और गाली गलौज की जाती है। कार्तिक महतो और उनके समर्थकों के द्वारा कई वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त किए गए हैं. शिवकुमार यादव ने पुलिस से ऐसे लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
आशुतोष कुमार सत्यम, एसडीपीओ, सिंदरी ने बताया कि दो गुटों के बीच मारपीट की घटना घटी है।दोनों ओर से लिखित शिकायत की गई है. मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

