कोडरमा घाटी में स्कूली बस दुर्घटनाग्रस्त…एजुकेशनल टूर पर निकलीं दो दर्जन छात्राएं घायल….
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले में एक स्कूली बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई,जिसमें जवाहर नवोदय विद्यालय की लगभग दो दर्जन छात्राएं घायल हो गईं। ये छात्राएं एजुकेशनल टूर के लिए राजगीर जा रही थीं। घटना शनिवार सुबह कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास हुई।
विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ कुमार ने बताया कि कक्षा 11वीं की 75 छात्राएं एजुकेशनल टूर पर निकली थीं। बस एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में उसके पिछले हिस्से से टकरा गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में बस चालक भी घायल हुआ है।डीसी ऋतुराज ने घटना को लेकर दुख प्रकट करते हुए कहा कि कुछ बच्चियों को ज्यादा चोटें लगी हैं। हालांकि अधिकतर छात्राओं को हल्की फुल्की चोटें आई हैं।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस को देखा और घाटी के पेट्रोलिंग वाहन को सूचना दी। पेट्रोलिंग टीम ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचित किया और घटनास्थल पर पहुंची। कोडरमा पेट्रोलिंग की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ कुमार ने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत हर साल बच्चों को विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों के एजुकेशनल टूर पर ले जाया जाता है। इस दुर्घटना के बाद, घायलों के अलावा सभी बच्चों को वापस विद्यालय भेज दिया गया है और यह भ्रमण रद्द कर दिया गया है।घायल छात्रा सानिया कुमारी ने बताया कि वे इस एजुकेशनल टूर को लेकर काफी उत्साहित थीं। सुबह वे अपने विद्यालय से राजगीर के लिए रवाना हुई थीं, तभी घाटी में बस अचानक एक ट्रक से टकराकर खाई में गिर गई।
सानिया ने बताया कि जिस समय यह घटना घटी, उस समय उनलोगों को कुछ समझ नहीं आया। बस में सवार सभी छात्राओं के बीच चीख पुकार मच गई। हालांकि इनके बस के आगे छात्रों से भरी बस भी चल रही थी। घटना की सूचना मिलने पर उस बस में सवार उनके सहयोगी छात्र व शिक्षक वहां पहुंचे और उनलोगों को सदर अस्पताल कोडरमा लाया।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद डीसी सहित तमाम आला अधिकारी भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायल छात्राओं का हालचाल जाना। डीसी ऋतुराज ने घटना को लेकर दुख प्रकट करते हुए कहा कि कुछ बच्चियों को ज्यादा चोटें लगी हैं। हालांकि अधिकतर छात्राओं को हल्की फुल्की चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल के चिकित्सकों को बेहतर इलाज का निर्देश देते हुए बच्चियों के स्वास्थ्य में सुधार की लगातार जानकारी देते रहने को भी कहा है।
घायलों में माही कुमारी, खुशी कुमारी, सानिया प्रवीण, अश्वनी राज, प्रेमा कुमारी, प्रियंका कुमारी, मुस्कान कुमारी, मनतशा फातिमा, मोनिका कुमारी, प्रीति कुमारी, सोनाली कुमारी के अलावे एक दर्जन अन्य बच्चियां शामिल हैं।

