ट्रेलर ने बाइक और साइकिल को मारी टक्कर, 1 की मौत,ट्रेलर चालक सहित तीन घायल

 

जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र स्थित तामुकपाल हाई-वे पर गुरुवार को विजयादशमी के दिन सड़क हादसे में एक की मौत हो गयी जबकि एक महिला समेत 3 लोग जख्मी हो गये। इससे नाराज ग्रामीणों ने दोपहर 11:00 बजे हाई-वे को जाम कर दिया। सूचना पाकर घाटशिला थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह और सीओ निशांत अंबर पुलिस बल के साथ पहुंचे।ग्रामीणों को काफी समझाया, लेकिन वे सड़क से हटने को तैयार नहीं थे।लोगों का कहना था कि जब तक पुलिया की मरम्मती पर कोई ठोस बात नहीं होती, उनका जाम जारी रहेगा। कई घंटे तक अधिकारी लोगों को समझाने के बाद जाम हटाया गया।इससे पहले, स्थानीय लोगों की मदद से मृतक सहित घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल घाटशिला पहुंचाया गया।अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डॉ आरएन सोरेन एवं डॉ मीरा मुर्मू ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर रूप से घायल महिला एवं ट्रेलर चालक को एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि हाई-वे पर ट्रेलर अनियंत्रित होने के कारण तथा वन-वे होने के कारण यह सड़क दुर्घटना हुई है। इस घटना में तामुकपाल निवासी बालक मुंडा (60) की मौके पर ही मौत हो गयी।वह साइकिल से घाटशिला की ओर आ रहा था। वहीं, कलिकापुर निवासी किशोर भकत (42) और मौसमी पाल (40) गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों बाइक पर थे।

मौसमी पाल के दोनों पैरों में बुरी तरह से चोट आयी है।बाइक से पति-पत्नी दोनों अपने घर कलिकापुर गांव जा रहे थे। ट्रेलर (जेएच 24एन 0674) का चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया।चालक के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पायी है। उसकी भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।आक्रोशित ग्रामीणों ने कई घन्टे तक हाई-वे को जाम कर रखा है।

ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा मिले।हाई-वे को वन-वे किया गया है, इसे हटाया जाये। दोनों ओर से वाहनों को आने-जाने की अनुमति दी जाये, ताकि आवागमन सुचारू रूप से हो सके। घटनास्थल पर अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी लोगों को समझाने में जुटे हैं। हालांकि, लोग मानने को तैयार नहीं थे।

error: Content is protected !!