ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर,पिता-पुत्र की मौत,माँ घायल
जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा थाना क्षेत्र के जरूगुडीह में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। एनएच 419 पर ट्रैक्टर ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई।जबकि माँ गंभीर रूप से घायल हैं।जानकारी के अनुसार,मनसु राय अपनी पत्नी कल्याणी देवी और 6 वर्षीय बेटे अभी राय के साथ ससुराल से घर लौट रहे थे। वे निरसा थाना क्षेत्र के जीतपुर गांव जा रहे थे।जरूगुडीह के पास एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 24 वर्षीय मनसु और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। कल्याणी को जख्मी हालत में धनबाद के पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 419 धनबाद-जामताड़ा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।ग्रामीणों का कहना था कि ट्रैक्टर चालक सलीम अंसारी लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने चालक के खिलाफ कार्रवाई और मृतकों के परिवार को मुआवजे की मांग की है।वहीं पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटाया।उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।आगे की कार्रवाई जारी है।

