नदी में नहाने के दौरान तीन बहनें डूबी…दो बहनों की मौत,एक की जान बची…
दुमका।झारखण्ड के दुमका जिला के शिकारीपाड़ा प्रखंड क्षेत्र स्थित गंदरकपुर गांव में मयूराक्षी नदी में स्नान के दौरान तीन बहनें डूब गईं। इसमें उमा कुमारी और पूजा कुमारी दोनों की मौत हो गई है जबकि आस्था कुमारी ने किसी तरह अपनी जान बचाई।उमा कुमारी (19 वर्ष) की माँ जमशेदपुर में सरकारी शिक्षक है। उमा जमशेदपुर के एक कॉलेज में स्नातक सेमस्टर -3 की छात्रा थी। गर्मी छूट्टी में वह अपनी मौसी के घर दुमका के गन्दरकपुर गांव आई हुई थी। आज शुक्रवार को वह अपनी मौसी की बेटी पूजा कुमारी और उसी गांव में रहने वाले अपने मामा की बेटी आस्था कुमारी (19 वर्ष) के साथ स्नान करने घर से थोड़ी दूर मयूराक्षी नदी पर बने बहराकुंडी डैम गई थी।
यहां मसानजोर डैम के जल अधिग्रहित एरिया का पानी जमा रहता है।जब तीनों बहनें उमा, पूजा और आस्था स्नान कर रही थीं तभी अचानक उनका पांव फिसल गया और वे गहरे पानी में डूबने लगीं। काफी हाथ पांव मारने के बावजूद उमा और पूजा नदी में डूब गई, जबकि आस्था ने अपनी जान बचाई।
वह दौड़ते हुए गांव पहुंची और लोगों को इस हादसे के बारे में बताया।गांव वाले आननफानन ने उक्त स्थान पर पहुंचे और किसी तरह दोनों युवती को बाहर निकाल कर सीधे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक हादसे की शिकार हुई पूजा कुमारी ने कुछ दिन पहले ही मैट्रिक की परीक्षा गन्दरकपुर उच्च विद्यालय से पास किया था और पूरे विद्यालय में उसका पहला स्थान था। इधर जमशेदपुर की रहने वाली उमा कुमारी के माता-पिता घूमने के लिए गंगटोक गए हैं।उन्हें बेटी के साथ हुए इस हादसे की खबर दे दी गई है।एक साथ दो युवतियों के नदी में डूबकर हुई मौत के बाद गन्दरकपुर गांव समेत आसपास के इलाके में शोक व्याप्त है।काफ़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।
इस पूरे मामले पर शिकारीपाड़ा के थाना प्रभारी अमित लकड़ा से बात की।उन्होंने कहा कि घटनास्थल से दोनों बहनों को अस्पताल ले जाया गया था जहां उनकी मौत हो गई है।टाउन थाना से फर्द बयान लिया जा रहा है, उस आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

