गोलीबारी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार…आपसी विवाद में आरोपियों ने किया था युवक पर हमला, स्कूटी और मोबाइल बरामद
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह ग्वालापट्टी में 5 अगस्त को हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु, विवेक साह व संजय वर्मा उर्फ संजू वर्मा शामिल है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने सोमवार को बताया कि 5 अगस्त की शाम रवि यादव को कुछ युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। इस संबंध में परसुडीह थाना में कांड संख्या 102/25 दर्ज किया गया था।जांच में पता चला कि घायल रवि यादव और निहाल तिवारी के बीच कुछ माह पूर्व मारपीट हुई थी। समझौते के बावजूद निहाल तिवारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रवि यादव की हत्या की योजना बनाई।
घटना के दिन निहाल तिवारी और समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु स्कूटी पर सवार होकर किताडीह ग्वालापट्टी नाला के पास पहुंचे। रवि यादव ने समीर को देख अपनी गाड़ी रोक दी और उससे झगड़ा करने लगा।
इसी दौरान निहाल तिवारी ने अपने बैग से पिस्टल निकालकर रवि यादव पर पांच से छह राउंड फायर कर दिया। इससे रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद दोनों स्कूटी से फरार हो गए।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, रवि यादव का भी पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई बार जेल जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

