घर के बाहर सो रही महिला को अज्ञात अपराधियों ने मारी गोली, जमीन विवाद में हत्या की आशंका,जांच में जुटी है पुलिस…
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के बाघामारा गांव के बोहला टोला में अज्ञात अपराधियों ने बीती रात घर के बाहर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। महिला की पहचान 50 वर्षीय विमला देवी के रूप में की गयी है।घटना के संबंध में महिला के पति हरि भुइयां ने बताया कि शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद दोनों पति-पत्नी घर के बाहर चारपाई डालकर सो गये थे। रात करीब 11 बजे गोली चलने की आवाज से नींद खुली,तो देखा कि विमला देवी के सिर से खून बह रहा है और उनकी मौत हो चुकी है।आसपास देखने पर उन्हें नजर आया कि 2-3 लोग घटनास्थल से भाग रहे हैं।लेकिन अंधेरा होने के कारण हरि अपराधियों को नहीं पहचान सका।
वहीं, मृतका के पुत्र राकेश भुइयां ने बताया कि हम दो भाई परिवार के साथ एक रिश्तेदार के यहां शादी में गए हुए थे। छोटा भाई घर के अंदर सोया हुआ था। घटना की सूचना पाकर घर पहुंचे। राकेश ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि गांव के ही कुछ लोगों के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। ऐसे में हो सकता है कि इसी वजह से मां की हत्या की गयी।
घटना की सूचना पाकर छतरपुर थाना के एसआई राहुल कुमार और सुशील उरांव घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर छतरपुर थाना ले आएं।इंस्पेक्टर द्वारका राम ने बताया कि काफी नजदीक से गोली मारकर महिला की हत्या की गई है।घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया गया है।पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।फिलहाल, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच भेज दिया गया है।

