नवविवाहित की संदिग्ध परिस्थिति में मौ’त,5 महीने पहले हुई थी शादी..जांच में जुटी है पुलिस..

 

बोकारो।बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर 9A, स्ट्रीट संख्या-2 स्थित आवास संख्या-377 में 23 वर्षीय नवविवाहित सुषमा कुमारी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। सुषमा की शादी इसी साल 20 अप्रैल को हुई थी।

मृतका की बड़ी बहन स्वीटी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे सुषमा के पति ऋतिक ने फोन कर कहा कि उसकी मौत हो गई है। इस सूचना के बाद परिजन पेटरवार से निकलकर करीब 5 बजे बोकारो पहुंचे।उन्होंने देखा कि सुषमा बेड पर अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। आनन-फानन में उसे बोकारो जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने और अस्पताल ले जाने में जानबूझकर देरी की गई।

घटना की सूचना हरला थाना पुलिस को बुधवार देर शाम 7:30 बजे दी गई, लेकिन परिजनों का आरोप है कि एफआईआर दर्ज करने में देर की गई। रात 11:30 बजे के बाद ही थाने ने मामला स्वीकार किया।

हरला थाना प्रभारी अनिल कश्यप ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या है या हत्या। पुलिस ने मृतका के पति ऋतिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

मृतका के माता-पिता और बहन ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज हत्या है। उन्होंने बताया कि सुषमा को शादी के बाद से ही मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मौत से पहले भी उस पर रुपए और गाड़ी लाने का दबाव बनाया गया था।परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।वहीं आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

error: Content is protected !!