पति ने भाइयों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर सेप्टिक टैंक में डालकर फरार,हिमाचल प्रदेश की पुलिस ने पलामू से एक को दबोचा…. 

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू की महिला की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हिमाचल प्रदेश की बिलासपुर पुलिस ने पलामू में छापेमारी की।इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।

पलामू पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पलामू की महिला की हिमाचल प्रदेश में हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में डाल दिया गया था। मृतक महिला की पहचान पलामू के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के नौडीहा बहेरा की रहने वाले गुड़िया देवी के रूप में हुई थी। गुड़िया देवी की हत्या का आरोप उसके पति और देवर पर लगा था।

घटना के बाद हिमाचल प्रदेश की बिलासपुर पुलिस ने पलामू पुलिस की मदद से पलामू के पिपराटांड़ और पांकी के इलाके में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की ।इस दौरान हिमाचल प्रदेश की पुलिस ने मृतका गुड़िया देवी के देवर को हिरासत में लिया है।

दरअसल 10 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के सदर थाना क्षेत्र में दनोह कोसरिया गांव स्थित एक घर के सेप्टिक टैंक से गुड़िया देवी का शव बरामद किया गया था। गुड़िया देवी के सिर पर वार कर और गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद सेप्टिक टैंक में शव को छुपा दिया गया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुड़िया देवी अपनी पति गोविंद चौहान और देवर के साथ हिमाचल प्रदेश में नौकरी करती थी।घटना के बाद गोविंद चौहान और उसका देवर पलामू स्थित अपनी पैतृक गांव लौट आये थे। गुड़िया देवी का भाई भी हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करता था।गुड़िया देवी के पिता ने अपने बेटे को फोन कर बताया था कि गोविंद चौहान और गुड़िया नहीं लौटी है। इसके बाद पूरी जानकारी हिमाचल प्रदेश की पुलिस को दी गई।

जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सेप्टिक टैंक से गुड़िया देवी का शव बरामद किया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि 16 जनवरी को गुड़िया देवी की हत्या की गई थी और घटना को अंजाम देने के बाद सभी 19 जनवरी को पलामू लौट गए थे।

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि हत्या के मामले में हिमाचल प्रदेश की पुलिस पलामू पहुंची है।पलामू पुलिस हिमाचल प्रदेश पुलिस के साथ में छापेमारी कर रही है।कार्रवाई के दौरान पुलिस को कई बिंदुओं पर जानकारी मिली है।

क्या है पूरा मामला

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर शहर से सटी ओयल पंचायत के अंतर्गत आने वाले दनोह गांव में एक प्रवासी महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या कथित तौर पर उसके पति और दो देवरों ने मिलकर की थी। इसके बाद शव को घर के पास बने सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से सीमेंट लगाकर बंद कर दिया, ताकि किसी को बदबू न आए। महिला का पति और देवर फरार हो गया।मौत का खुलासा उस समय हुआ जब काफी दिनों तक महिला के संपर्क में न आने पर उसके परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद वो महिला की तलाश में बिलासपुर पहुंचे।परिजन जब कोयल पंचायत स्थित महिला के किराए के मकान पर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला।संदेह होने पर उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली। जांच के दौरान घर के पास बने टैंक पर संदेह हुआ, जिस पर सीमेंट की नई परत लगी हुई थी।टैंक को खुलवाने पर उसके अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि महिला का आरोपी पति पहली पत्नी की हत्या कर चुका है। मृतका से उसने दूसरी शादी की थी।

पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रवासी महिला के रूप में हुई है और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पति और देवर की संलिप्तता सामने आई है।फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। ओयल पंचायत के पूर्व प्रधान दिनेश कुमार ने बताया कि शव मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया था।महिला का पति और देवर घर पर मौजूद नहीं है। शव 20 दिन पुराना लग रहा है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है।वहीं इस जघन्य हत्या से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।

एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि ‘शव का पोस्टमार्टम एम्स में करवाया गया है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन कर दिया है, जिसे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भेजा गया है। आरोपी झारखण्ड के है जिन्हें पकड़ने के लिए एक टीम को रवाना कर दिया गया है।’

error: Content is protected !!