लातेहार में बालिका आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचीं छात्राएं…सारा सामान जलकर राख..
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के बरियातू प्रखंड स्थित बालिका आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में सोमवार की सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि हॉस्टल के हॉल नंबर 5 में रखे सभी बेड और सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए।इस घटना में विद्यालय में पढ़ने वाली करीब 200 छात्राएं बाल-बाल बच गईं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार मौके पर पहुँच गए हैं। उन्होंने बताया है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी है, लेकिन अन्य बिंदुओं पर भी पूरे मामले की जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि घटना में किसी छात्रा को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
बताया जाता है कि बरियातू बालिका आवासीय विद्यालय में 200 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं। सभी विद्यालय के हॉस्टल में रहती हैं।सोमवार की सुबह सभी छात्राएं पीटी के लिए हॉस्टल से बाहर मैदान में आईं।इसी दौरान हॉस्टल से धुआं निकलता देखा गया।जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग की लपटें उठने लगीं। हॉस्टल के हॉल नंबर 5 के उसी कमरे में आग ने भयानक रूप ले लिया, जहां छात्राओं के बेड रखे थे।कुछ ही देर में कमरे के सभी बेड पूरी तरह जल गए।हालांकि, घटना की जानकारी मिलने पर कुछ स्थानीय लोग भी वहां पहुंचे और अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि सब कुछ जलकर राख हो गया।
बता दें कि झारखण्ड सरकार द्वारा संचालित बालिका आवासीय विद्यालय वर्तमान में काफी पुराने भवन में चल रहा है। स्कूल का नया भवन पिछले 5 वर्षों से निर्माणाधीन है।छात्रावास में जगह की भी भारी कमी है। साथ ही, बिजली के तार भी काफी पुराने हो चुके हैं।आशंका जताई जा रही है कि बिजली में शॉर्ट सर्किट के कारण स्कूल के छात्रावास में आग लगी और इतनी बड़ी घटना घटी।स्कूल की छात्राओं ने कहा कि भगवान का शुक्र है कि वे पीटी के लिए छात्रावास से बाहर आ गई थीं। अगर यह घटना एक घंटा पहले होती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
इस बीच, लातेहार जिला शिक्षा अधिकारी प्रिंस कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि छात्रावास के कमरे में आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी। लेकिन अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी छात्रा को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। स्कूल के शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी पूरी तरह सुरक्षित हैं।छात्रावास में रखे बेड और कमरे में रखे अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।फिलहाल, छात्राओं के रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

