झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में स्पेशल ब्रांच के डाटा सेंटर में लगी भीषण आग,सब कुछ जलकर राख

राँची।राजधानी राँची के धुर्वा स्थित झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में विशेष शाखा विभाग के डाटा सेंटर में आज मंगलवार की अहले सुबह भीषण आग लग गयी। (Special Branch के Development Section,1st Floor) घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।हालांकि जब तक आग बुझी तब तक कमरे में रखे अधिकतर सामान जलकर राख हो गये।आग की चपेट में आने से कमरे में रखे कई कंप्यूटर समेत अन्य उपकरण भी जल गये।वहीं कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी आग की चपेट में आ गये। आग कैसे लगी इस संबंध में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आयी है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।अनुमान लगाया जा रहा है करोडों का समान जल गया है।मालूम हो झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार यहां आग लग चुकी है।

 

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार डेवलपमेंट सेक्शन में झारखण्ड पुलिस के वेबसाइट पर अपलोड के अलावा कई तरह के कार्य किए जाते थे। एक दर्जन से ज्यादा कंप्यूटर जल जाने की वजह से यह काम फिलहाल प्रभावित हुआ है। पुलिस मुख्यालय के कुछ कर्मियों ने बताया कि गनीमत थी कि आग डेटा सेंटर के पहले माले तक नहीं पहुंची वरना काफी ज्यादा नुकसान हो जाता। झारखण्ड पुलिस के डेटा सेंटर में प्राइवेट कर्मियों के अलावा वायरलेस में तैनात पुलिसकर्मी भी ड्यूटी देते हैं।

झारखण्ड पुलिस के प्रवक्ता आईजी माइकल राज ने बताया कि डेटा सेंटर के पहले माले पर आग लगा था जिस पर काबू पा लिया गया है, आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। रात में कंप्यूटर से जुड़े इलेक्ट्रिक कनेक्शन को ऑफ नहीं किया गया था।जिसके चलते शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई।हालांकि पुलिस मुख्यालय की तरफ से इस आगलगी को बेहद गंभीर माना गया है।पूरे मामले की जांच की जा रही है।इसके लिए जो दोषी पाए जाएंगे उन पर कार्रवाई होना भी तय है। पुलिस मुख्यालय के कुछ कर्मियों ने बताया कि डेटा सेंटर में वायरलेस डिपार्टमेंट के पुलिसकर्मियों की तैनाती होती है, लेकिन वह रात में ड्यूटी पर नहीं आते हैं। सारा काम प्राइवेट कर्मचारियों के भरोसे ही छोड़ दिया जाता है।

error: Content is protected !!