गिरिडीह:प्रेमिका के घर मिली प्रेमी की लाश, पिता ने लगाया हत्या का आरोप…जांच में जुटी है पुलिस..
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिहीह जिले के देवरी थाना इलाके के पुरनाबथान (चतरो) गांव के एक घर में संदेहास्पद परिस्थितियों में युवक की लाश मिली है।मृत युवक की पहचान मकडीहा गांव निवासी वार्ड सदस्य मकबूल अंसारी के पुत्र सोहेल अंसारी ऊर्फ शाहिल अंसारी (30 वर्ष) के रूप में की गई है।इस बात की जानकारी मिलते ही लोगों ने फौरन मामले की सूचना देवरी थाना को दी।जिसके बाद देवरी थाना से अवर निरीक्षक गणेश कुमार यादव और सहायक अवर निरीक्षक बुद्धदेव उरांव दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है। मामले में पुलिस पदाधिकारियों ने घर के सदस्यों के अलावा गांव के कई लोगों से पूछताछ की है।
इधर, मृत युवक के पिता मकबूल अंसारी का आरोप है कि उनके पुत्र की हत्या हुई है।उन्होंने कहा कि जिस घर में उनके बेटे का शव पाया गया उस घर की एक युवती के साथ उनके बेटे का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस मामले में पूर्व में भी पंचायती हो चुकी थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है।
वहीं देवरी थाना से अवर निरीक्षक गणेश कुमार यादव ने कहा कि युवक का शव घर में संदेहास्पद स्थिति में मिला है।पूरे मामले की जांच चल रही है। पुलिस के वरीय अधिकारी को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद मौत के पीछे की वजह का खुलासा होगा।मृतक के परिजनों का आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीपीओ ने मामले की जांच की और कई लोगों से पूछताछ की।उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि युवक की हत्या कर उसे आत्महत्या का स्वरूप देने का प्रयास किया गया है।उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है।जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा। साथ ही जो भी दोषी होंगे उनकी गिरफ्तारी होगी।

