सीने में दर्द से परेशान महिला को स्कूटी से अस्पताल ले जा रहे थे परिजन, रास्ते में स्कूटी से गिरी,मौत
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले में एनएच-20 पर सड़क की खराब स्थिति ने एक महिला की जान ले ली। लख्खीबागी के पास सड़क पर बने गड्ढे में स्कूटी गिरने से 52 वर्षीय मीना देवी की मौत हो गई। घटना बीती रात की है।मीना देवी को सीने में तेज दर्द उठा। परिजन उन्हें स्कूटी पर बैठाकर सदर अस्पताल ले जा रहे थे। स्कूटी उनका भतीजा साकेत चंदेल चला रहा था। पीछे दूसरा भतीजा विशाल, मीना देवी को संभाले हुए था।
लख्खीबागी के पास सड़क पर अचानक गड्ढा आया। साकेत ब्रेक लगाने की कोशिश कर ही रहा था कि स्कूटी गड्ढे में जा गिरी। हादसे में मीना देवी और साकेत गंभीर रूप से घायल हो गए। विशाल को मामूली चोटें आईं।
परिजन किसी तरह मीना देवी को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मीना देवी तिलैया थाना क्षेत्र के विद्यापुरी की रहने वाली थीं।
इधर, इस घटना को लेकर मृतका के परिजनों में खासा रोष है। वे मीना देवी की मौत का जिम्मेवार एनएचएआई पर मढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि अगर सड़क पर बने गड्डों को ससमय मरम्मत कर दिया गया होता तो आज मीना देवी की मौत नहीं होती। इस घटना के बाद मृतका के घर में शोक का माहौल बना हुआ है।
वहीं, घटना को लेकर कोडरमा डीसी ऋतुराज ने बताया कि उक्त मार्ग के चौड़ीकरण का टेंडर हो चुका है। एनएचएआई द्वारा जल्द ही कार्य को प्रारंभ किया जाएगा। फिर भी मैंने एनएच के पदाधिकारियों को एनएच पर बने गड्ढे भरने के लिए निर्देशित कर दिया है।

