राँची सेंट्रल जेल में तैनात सजायाफ्ता उच्च कक्षपाल को विभाग ने किया बर्खास्त
राँची।गृह एवं कारा विभाग ने होटवार जेल में तैनात सजायाफ्ता कक्षपाल राहुल कश्यप को बर्खास्त कर दिया। उन्हें विभाग से किसी तरह का भुगतान भी नहीं किया जाएगा। मामले में जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने गुरुवार को आदेश जारी कर दिया। बता दें राँची के एक दैनिक अखबार ने 28 जुलाई के अंक में राहुल कश्यप के सजायाफ्ता होने की बात छुपाकर राँची के होटवार जेल में उच्च कक्षपाल के पद पर नौकरी करने के मामले को प्रमुखता से उजागर किया था। इसके बाद कारा विभाग ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में राहुल को दोषी पाया और बर्खास्त करने की अनुशंसा की थी।इसके बाद उस पर कार्रवाई की गई।
राँची जेल में काटी सजा, फिर वहीं बहाली
जांच समिति ने रिपोर्ट में कहा है कि राहुल पर 26 सितंबर 2010 में दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ था। सुनवाई में न्यायालय ने उसे 10 साल की सजा सुनाई थी। वह 22 अप्रैल 2014 से 28 अप्रैल 2014 तक खूंटी उपकारा में सजावार के रूप में बंद था। बाद में उसे 29 अप्रैल 2014 को राँची जेल में ट्रांसफर किया गया और यहां सितंबर 2014 तक बंद रहा। हालांकि 18 सितंबर 2014 को उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली थी।
2017 से सजायाफ्ता की बात छिपाई
राहुल जमानत मिलने के बाद नौकरी ढूंढने लगा। इसी बीच कक्षपाल की बहाली का विज्ञापन निकला और 2017 को उसे कक्षपाल के पद पर बहाल कर दिया गया। हालांकि उसने नियुक्त आवेदन में सजायाफ्ता की बात नहीं बताई थी।

