राजधानी राँची में आर्मी जवान का शव फंदे से लटका मिला,परिवार ने जताई हत्या की आशंका…जांच में जुटी है पुलिस..

 

राँची।राजधानी राँची में एक आर्मी जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उनका शव सोमवार को धुर्वा थाना क्षेत्र में एक साइकिल शेड में मिला।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक अमन कुमार का शव एचएमटीपी गोलचक्कर के पास बने साइकिल शेड में लटका हुआ पाया गया। सूचना मिलने के बाद धुर्वा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ सामान भी बरामद किया है, जिनमें एक लाइटर, रस्सी, मोबाइल फोन और सिगरेट शामिल हैं।

धुर्वा थाना प्रभारी विमल किंडो के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृतक के परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार अमन कुमार छुट्टी पर अपने घर राँची आए हुए थे। इसी दौरान यह घटना सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए।

शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है।

error: Content is protected !!