दो दिन से लापता महिला का शव कुएं में मिला..दो साल पहले हुई थी शादी,जांच में जुटी है पुलिस…
गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र स्थित बागजोरी में एक महिला का शव घर के पीछे स्थित कुएं से बरामद किया गया। यह महिला पति से झगड़े के बाद 5 नवंबर से लापता थी। इधर, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान काजल कुमारी के रूप में हुई है। उसका पति मिथुन भगत ने पुलिस को बताया कि 5 नवंबर की शाम करीब 6 बजे उनके बीच झगड़ा हुआ था। मिथुन भगत के अनुसार, वह अपनी मां को महागामा छोड़कर किराना स्टोर का सामान लेने गया था। लौटने में देर हो गई थी, जिस पर पत्नी ने सवाल उठाया था।
मिथुन भगत ने आगे बताया कि झगड़े के बाद शाम 6:30 बजे से काजल लापता हो गई थी। उन्होंने उसे ढूंढने की कोशिश की और मायके में भी फोन कर जानकारी ली, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। मिथुन भगत ने यह भी बताया कि काजल पहले भी कई बार झगड़ा करके मायके चली गई थी।
शुक्रवार की सुबह अचानक घर के पीछे वाले कुएं में काजल का शव देखा गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल महागामा पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल और एएसआई रोमा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

मृतका के पति ने बताया कि काजल भागलपुर के नाथनगर की रहने वाली थी। उनकी शादी 2023 में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। दंपती का एक साल का एक छोटा बच्चा भी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला 5 नवंबर से लापता थी और आज उसका शव कुएं से बरामद हुआ है। मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

