विधवा महिला के साथ क्रूरता की हदें पार, निर्वस्त्र कर की गई पिटाई, बाल काटे गए,पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को किया गिरफ्तार

 

हजारीबाग।झारखण्ड में अंधविश्वास की एक और भयावह तस्वीर सामने आई है।हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विधवा महिला के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं।महिला को निर्वस्त्र करके पीटा गया, उसके बाल काटे गए, शरीर पर ब्लेड से वार किए गए और तांत्रिक क्रियाएं की गईं। मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार रात गांव के सात लोगों ने उसे घर से जबरन उठा लिया, एक घर में बंद कर दिया और बेरहमी से पीटा।इसके बाद उसे गया जिले के एक तांत्रिक के पास ले जाया गया, जहां उसका सिर मुंडवा दिया गया।उसके बाद ब्लेड से शरीर के कई हिस्सों पर वार करके तांत्रिक क्रियाएं की गईं।महिला द्वारा पुलिस को दिए आवेदन में बताया गया कि आरोपियों ने पहले 20 हजार और फिर 80 हजार रुपये की मांग की।पीड़िता के बेटे ने किसी तरह 10 हजार रुपये का इंतजाम करके उन्हें पहुंचा दिए।जिसके बाद शनिवार रात करीब 10 बजे महिला को घायल हालत में बरही बाजार में फेंक दिया गया, जहां से वह किसी तरह घर पहुंची।

इधर पीड़िता ने रविवार को बरही थाने में लिखित आवेदन दिया। इस पर बरही थाना प्रभारी आभास कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 268/25 के तहत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। उन्होंने कहा है कि अंधविश्वास के नाम पर इस हैवानियत को अंजाम देने वाले दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

error: Content is protected !!