राँची के संत जॉन स्कूल के शिक्षकों ने चार छात्रों को रूम में बंद कर बेहरहमी से पीटा,घायल छात्रों के परिजनों का हंगामा..
राँची।राजधानी राँची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में स्थित संत जॉन स्कूल के शिक्षकों ने छात्रों को डंडे और स्टील के पाइप से बुरी तरह से पीटकर जख्मी कर दिया। छात्रों ने मारपीट का आरोप शिक्षक प्रवीण एक्का, नेलसन लकड़ा, आलोक दा और अभिजीत पर लगाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रों के परिजन बुधवार को स्कूल पहुंच गए। स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजन छात्रों को पीटने वाले सभी शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद लोअर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर परिजनों को थाना लाया। मामले में छात्रों के बयान पर शिक्षक प्रवीण एक्का, नेलसन, आलोक और अभिजीत के विरूद्ध लोअर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।इधर, लोअर बाजार पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रणविजय शर्मा का कहना है कि छात्रों ने शिक्षकों के विरूद्ध मारपीट की शिकायत की है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित छात्रों ने बताया कि स्कूल में विवाद होने के बाद शिक्षक प्रवीण एक्का, नेलसन लकड़ा, आलोक दा और अभिजीत उन्हें एनसीसी रूम में ले गए। इसके बाद डंडे से उन्हें पीटने लगे। उन्हें इतना पीटा गया कि उनसे शरीर पर जख्म के निशान हो गए। डंडा टूटने के बाद स्टील की पाइप से शिक्षकों ने उन्हें मारा। इसके बाद वे लोग भाग कर स्कूल से बाहर निकले और परिजनों को जानकारी दी। छात्रों ने बताया कि जिन विद्यार्थियों से उनका विवाद हुआ था। शिक्षकों ने उन्हें कक्षा में भेज दिया। उन्हें और तीन छात्रों को वे एनसीसी रूम और फिर स्टाफ रूम में ले जाकर पीटे।वहीं छात्रों के साथ मारपीट करने वाले शिक्षक भाग गया।

