सिमडेगा:गिरदा ओपी प्रभारी पर एक लाख रुपये घूस लेने का आरोप, एसपी ने दिए जांच के आदेश

 

सिमडेगा।झारखण्ड के सिमडेगा जिले के गिरदा ओपी प्रभारी पर एक लाख रुपये घूस लेने का आरोप लगा है।ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर गिरदा ओपी प्रभारी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए एडीपीओ को जांच का आदेश दिया है।ग्रामीणों का आरोप है कि गिरदा ओपी प्रभारी विद्यासागर चौरसिया द्वारा बेवजह लोगों को परेशान किया जा रहा है और पैसे की मांग की जाती है। शिकायत में बताया गया कि जोशपा टुडू द्वारा प्रशासन से अनुमति लेकर जलावन के लिए आम का एक पेड़ कटवाया गया था।लकड़ी लोड के दौरान ओपी प्रभारी ने ट्रैक्टर व लकड़ी जब्त कर ली और छोड़ने के एवज में एक लाख रुपये ले लिए।

ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई से वे मानसिक रूप से परेशान हैं और भय के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एडीपीओ को जांच का आदेश दिया है. एसपी ने स्पष्ट कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि सदर थाना सहित कई थानों के प्रभारी के खिलाफ शिकायत प्राप्त होना आमबात हो गई है। कुछ दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा सदर थाना प्रभारी रोहित रजक के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप लगाते हुए एसपी को आवेदन दिए गए थे।हालांकि इस मामले में भी अब तक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है।ग्रामीणों द्वारा खुले तौर पर पुलिस अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना मामले की गंभीरता को दर्शाता है।

error: Content is protected !!