साहिबगंज:गुरुवार दोपहर को लापता हुए दो सगे भाई,शुक्रवार सुबह गंगा में मिली लाशें..
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के सरकंडा निवासी सेंटू चौरसिया के दो पुत्र-आठ वर्षीय आर्यन कुमार और छह वर्षीय राघव कुमारका शव शुक्रवार सुबह गंगा नदी से बरामद किया गया। दोनों बच्चे गुरुवार दोपहर से घर से लापता थे।शुक्रवार सुबह नदी में शव मिलने की सूचना मिलते ही गंगा तट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलने पर राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुँचीं। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बच्चों की मां प्रियंका देवी ने बताया कि उनके दोनों बेटे गुरुवार दोपहर से घर पर नहीं थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद दोनों बच्चों का पता नहीं चल सका।इसी दौरान शाम करीब छह बजे एक व्यक्ति ने गंगा नदी के किनारे बच्चों की चप्पल और कपड़े मिलने की सूचना दी। कपड़ों की पहचान करने के बाद थाना प्रभारी हसनैन अंसारी की मौजूदगी में नदी में मछली पकड़ने के जाल की मदद से रात भर तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव नहीं मिल सका।
शुक्रवार सुबह गंगा नदी में एक बच्चे का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी तट पर पहुंच गए। इसके बाद गोताखोरों की मदद से दूसरे बच्चे की भी तलाश की गई और कुछ ही देर में उसका शव भी नदी से बाहर निकाल लिया गया।दोनों बच्चों के शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां प्रियंका देवी और नानी बच्चों के शव से लिपटकर विलाप करने लगीं और बार-बार बेहोश हो जाती थीं। परिवार के अन्य सदस्य उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

