सड़क हादसे में महिला की मौत, मुआवजे की मांग पर रोड जाम
सरायकेला। झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया।टाटा-राँची-पुरुलिया न्यू बायपास सड़क पर गांगुडीह के पास हुए इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई” जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार मंथन कुम्हार, कलावती देवी और ज्योत्सना कुम्हार चांडिल से घोड़नेगी की ओर जा रहे थे।इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तमिलनाडु नंबर के तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रक बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
इस दर्दनाक हादसे में ट्रक के नीचे आने से कलावती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मंथन कुम्हार और ज्योत्सना कुम्हार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने न्यू बायपास सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।इसके अलावा उन्होंने सड़क पर सिंगल लाइट लगाने, गांव का नाम दर्शाने वाला बोर्ड लगाने, घनी आबादी क्षेत्र का संकेतक लगाने और जेब्रा क्रॉसिंग बनाने की भी मांग की है।सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी दिलशान बिरुआ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।उन्होंने ग्रामीणों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास किया।हालांकि, खबर लिखे जाने तक सुबह करीब 10 बजे तक सड़क जाम जारी था और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा हुआ था।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सड़क पर पर्याप्त संकेतक, लाइट और सुरक्षा व्यवस्था होती, तो शायद इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की मांगों पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है।

