Ranchi:सीआरपीएफ में मेडिकल टेस्ट पास कराने के नाम पर 1.60 लाख रुपये मांगने वाले मुख्य आरोपी गिरफ्तार
राँची।राँची के नगड़ी थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ में नौकरी के लिए मेडिकल टेस्ट पास कराने का झांसा देकर एक लाख 60 हजार रुपये मांगने के मुख्य आरोपी आशीष दिग्विजय सिंह को नगड़ी पुलिस ने गुरुवार की रात गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। इस मामले में उसके सहयोगी अजय ठाकुर को पुलिस 25 नवंबर को गिरफ्तार कर चुकी है। इस संबंध नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी के अनुसार, नगड़ी के सैम्बो स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के बाहर आशीष दिग्विजय सिंह रातू के नयाटोली सिमलिया निवासी ने मुन्ना कुमार से मेडिकल टेस्ट में पास कराने के नाम पर पैसे की मांग की थी।,गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के मुन्ना कुमार (उम्र करीब 20 वर्ष) ने नगड़ी थाना में इस संबंध में लिखित शिकायत में बताया कि वह सीआरपीएफ कैंप सेम्बो राँची में 13 नवंबर को मेडिकल के लिए आया था और 16 नवंबर को री-मेडिकल दिया गया था।कैंप के बाहर निकलते समय आशीष नामक व्यक्ति ने उसे रोका और खुद को मेडिकल फीट कराने वाला एजेंट बताया।आशीष ने मुन्ना को झांसे में लेकर 1.60 लाख रुपया की मांग की और गारंटी के तौर पर उसके दस्तावेज अपने पास रख लिए। आशीष ने उसे पैसे लेकर आने और अपने दस्तावेज ले जाने के लिए कहा।धोखाधड़ी की आशंका होने पर मुन्ना कुमार ने तुरंत इसकी सूचना सीआरपीएफ कैंप के जवानों को दी।इसी दौरान 25 नवंबर की रात करीब दस बजे आशीष दिग्विजय कुमार ने मुन्ना को दलादली चौक के पास पैसे लेकर बुलाया।हालांकि, मुन्ना के आने पर आशीष ने बताया कि वह राँची में नहीं है और वह किसी दूसरे लड़के को उसका डॉक्यूमेंट देकर भेज रहा है।इस बीच, आशीष ने मुन्ना को 6203655425 फोन-पे नंबर पर 70 हजार रुपये और दूसरे मोबाइल नंबर पर बाकी पैसे भेजने को कहा। मुन्ना ने पुष्टि के लिए दस रुपये ट्राई के तौर पर भेजे।
25 नवंबर की रात दस बजे जब दलादली चौक पर एक लड़का पल्सर बाइक (JH01DL9630) से मुन्ना को उसका डॉक्यूमेंट देने आया, तो मुन्ना के इशारे पर घात लगाए बैठे सीआरपीएफ के जवानों ने उसे तुरंत दबोच लिया।पकड़े गए लड़के की पहचान अजय कुमार ठाकुर (पिता अशोक ठाकुर, ग्राम कुम्हरडीहा, थाना बड़का गांव, जिला हजारीबाग, वर्तमान पता सिमलिया, थाना रातू, जिला राँची) के रूप में हुई।इसके बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी आशीष दिग्विजय सिंह को पुलिस ने गुरुवार देर रात उसके घर से धर दबोचा।
इस संबंध में नगड़ी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में भोले-भाले अभ्यर्थियों से पैसे ठगने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही है, पुलिस अन्य आरोपियों का पता लगा रही है।

