राँची के सुखदेवनगर थाना प्रभारी और मुंशी सस्पेंड….
राँची।राजधानी राँची में बारात जाने से पहले दूल्हा नितेश पांडेय आत्महत्या मामले बड़ी कार्रवाई की गई है।शादी से पहले नितेश के द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद थाना पर लगे आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है।डीजीपी के निर्देश पर राँची के आईजी मनोज कौशिक ने की है।सुखदेवनगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अशोक कुमार और मुंशी परशुराम को सस्पेंड कर दिया है।वहीं दोनों पर विभागीय कार्रवाई करने का आदेश दिया है।एसएसपी कार्यालय से इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिया है।आईजी के निर्देश के बाद मामले में एसएसपी राकेश रंजन ने पूरी जांच कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय से कराया है।डीएसपी के जांच रिपोर्ट को एसएसपी ने आईजी को भेजा और आईजी के आदेश के बाद एसएसपी ने कार्रवाई की है।
बता दें कि 29 नवंबर राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के किशोरगंज रोड नंबर 5 में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गई थी।दरअसल, नितेश पांडेय नामक युवक जो रेलवे में कार्यरत था उसकी शनिवार (29 नवंबर) को ही शादी थी,लेकिन इससे पहले ही किशोरगंज के रोड नंबर 05 स्थित नितेश पांडेय ने अपने ही कमरे में आत्महत्या कर ली।
नितेश के आत्महत्या को लेकर परिजनों ने सुखदेवनगर पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया था। नितेश के भाई नीरज पांडेय ने बताया था कि 26 नवंबर को उसका तिलक था, इसी बीच प्रियंका नाम की एक लड़की ने उस पर यौन शोषण का आरोप लगाकर केस कर दिया।थाना से बिना किसी जांच के नितेश को हिरासत में ले लिया गया।इसके बाद उसे छोड़ने के लिए वरीय पुलिस अधिकारियों को मैनेज करने के नाम पर दस लाख रुपये भी वसूले गए।
भाई नीरज पांडेय ने बताया कि थाने के मुंशी परशुराम कभी एक लाख तो कभी दो लाख की मांग करता था।कभी सिटी एसपी, तो कभी कोतवाली डीएसपी के नाम पर पैसे की मांग की जाती थी। थाने से छोड़ने के बावजूद आरोप लगाने वाली लड़की उसे बहुत परेशान कर रही थी, जिसकी वजह से उसने सुसाइड कर लिया।
डीजीपी ने भी लिया था संज्ञान
राँची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में बारात निकलने से ठीक पहले दूल्हे द्वारा आत्महत्या करने के मामले में झारखण्ड पुलिस मुख्यालय ने गंभीर रुख अपनाया था। सोमवार को डीजीपी तदाशा मिश्रा ने मामले की जांच के लिए राँची आईजी मनोज कौशिक को जिम्मेदारी दी थी।साथ ही आरोपी पुलिसकर्मियो को तत्काल लाइन हाजिर करने का भी आदेश भी जारी किया था। पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी प्रेस रिलीज में बताया गया था की मीडिया में आई खबर बारात निकलने से ठीक पहले दूल्हे के द्वारा आत्महत्या को लेकर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक झारखण्ड ने संज्ञान लेते हुए राँची के प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक और वरीय पुलिस अधीक्षक को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये थे।

