Ranchi:साइबर अपराधियों ने तीन लोगों से अलग-अलग तरीके से किया ठगी.. बिजली मीटर अपडेट के नाम 99 हजार,फोन पे से 99 हजार और मोबाइल हैक कर गूगल पे से 1.65 लाख…
१.बिजली मीटर अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, सैप जवान के खाते से 99,300 उड़ाए
२.फोन-पे से 99 हजार की साइबर ठगी, बिना ओटीपी खाते से उड़ाए पैसे
३.मोबाइल हैक कर गूगल पे से 1.65 लाख की साइबर ठगी
राँची। राजधानी में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। आदित्यपुर निवासी और वर्तमान में टाटीसिलवे स्थित सैप-1 कैंप में कार्यरत अमित कुमार चौधरी के खाते से 99,300 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। पीड़ित ने साइबर थाना राँची में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है और राशि वापस कराने की मांग की है। आवेदन के अनुसार अमित कुमार चौधरी (उम्र 56 वर्ष) को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग से जुड़ा बताते हुए घर के बिजली मीटर को अपडेट करने की बात कही। पीड़ित ने फोन पर बताए गए निर्देशों का पालन किया, जिसके बाद उनके बैंक खाते से 99,300 रुपये निकल गए। घटना के बाद जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत पुलिस से शिकायत की। आवेदन में उन्होंने बताया कि कॉलर ने तकनीकी प्रक्रिया के नाम पर उन्हें भ्रमित किया और इसी दौरान साइबर ठगी को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल, ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और संबंधित बैंक खाते की जानकारी जुटाई जा रही है।
फोन-पे से 99 हजार की साइबर ठगी, बिना ओटीपी खाते से उड़ाए पैसे
राँची के नयासराय जगरनाथपुर निवासी मोहम्मद जावेद अख्तर के बैंक खाते से फोनपे के माध्यम से 99 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। पीड़ित ने साइबर थाना रांची में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायत के अनुसार 23 फरवरी 2026 को जब उन्होंने फोनपे का उपयोग करना चाहा तो एप लॉक दिखाने लगा और मोबाइल भी ठीक से काम नहीं कर रहा था। इसके बाद उन्होंने मोबाइल शॉप में जाकर फोन रीसेट कराया। मोबाइल चालू होने पर उन्हें पता चला कि उनके फोनपे अकाउंट से अलग-अलग तीन ट्रांजैक्शन में कुल 99,000 रुपये निकाले जा चुके हैं। पीड़ित का कहना है कि इस दौरान उनके मोबाइल पर न तो कोई ओटीपी आया और न ही किसी तरह का बैंक मैसेज प्राप्त हुआ। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
मोबाइल हैक कर गूगल पे से 1.65 लाख की साइबर ठगी
राँची के पुंदाग इलाके के एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके खाते से 1,65,786 रुपये की अवैध निकासी कर ली। पुन्दाग निवासी अकील अंसारी ने साइबर थाना रांची में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार 23 फरवरी को दोपहर करीब 2:49 बजे उनका मोबाइल अचानक काम करना बंद कर दिया और लगभग 30 मिनट तक हैंग स्थिति में रहा। बाद में फोन सामान्य हुआ, लेकिन कोई संदेश प्राप्त नहीं हुआ। अगले दिन 24 फरवरी को फिर दोपहर करीब 3:31 बजे मोबाइल दोबारा हैक हो गया और कुछ देर तक उपयोग नहीं हो सका। पीड़ित ने बताया कि बाद में ट्रांजैक्शन संबंधी संदेश प्राप्त होने पर उन्हें पता चला कि उनके खाते से गूगल पे के माध्यम से कुल 1,65,786 रुपये की निकासी हो चुकी है। इस दौरान न तो कोई OTP आया और न ही किसी प्रकार की बैंक अलर्ट सूचना मिली।

