Ranchi:युवक की सड़क हादसे में हुई थी मौत,अब महिला को डायन बता कर रहे प्रताड़ित
राँची। राँची के कुटे गांव में एक महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बताया कि बीते सावन में उसके गोतिया की रिंग रोड स्थित बाल सिरिंग के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसी घटना के बाद गांव के कई लोग उस पर न सिर्फ डायन होने का आरोप लगाया, बल्कि उसे लगातार प्रताड़ित भी कर रहे हैं। इस संबंध में पीड़िता ने संदीप लोहरा, फुलो देवी, लक्ष्मी देवी, छोटो लोहरा, रवि लोहरा, मनोज लोहरा, भिखू लोहरा, किरण देवी, सोमरा लोहरा, सावित्री देवी, ननक लोहरा, पूनम देवी, सिवा लोहरा और पार्वती देवी के विरूद्ध विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है।प्राथमिकी में कहा कि सभी आरोपी उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए पवन की मौत का जिम्मेदार ठहराने लगे। आरोप है कि ये सभी लोग पीड़िता को जबरन इटकी थाना क्षेत्र के दरहा गांव स्थित एक भगत के पास ले गए और रास्ते भर उसे प्रताड़ित किया। पीड़िता का कहना है कि यह सिलसिला लगातार जारी रहा। घटना सात दिसंबर को तब और गंभीर हो गई, जब लगभग सुबह 10 बजे उपरोक्त सभी लोग उसके घर में घुस आए और उसकी फुआ, जिनकी मृत्यु आठ-नौ वर्ष पूर्व हो चुकी है, का नाम लेते हुए कहा कि वह भूत बनकर उन्हें परेशान कर रही है। आरोपियों ने पीड़िता पर दबाव बनाया कि वह भूत वापस कर दे, अन्यथा उसे जान से मार देने की धमकी दी। पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि मामला डायन-प्रताड़ना से जुड़ा है और इसकी जांच की जा रही है।

