Ranchi:युवक पर चाकू से हमला,मारपीट के बाद मोबाइल भी तोड़ा
राँची। चुटिया थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घटना 12 मार्च की सुबह लोवर चुटिया स्थित एलए गार्डन स्कूल के पास हुई। घायल युवक ने मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार लोवर चुटिया विंध्यवासिनी नगर रोड नंबर-1A निवासी शुभम सरोज (19) सुबह करीब 10:05 बजे घर से सिलेंडर का पता करने पावर हाउस चौक गया था। वहां से लौटकर जब वह घर आ रहा था, तभी एलए गार्डन स्कूल के पास सूरज नाम के युवक ने अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि सूरज ने पहले हाथ से मारपीट की, जिससे शुभम के माथे और कान के पास चोट लगी। इसके बाद उसने चाकू से नाभि के ऊपर पेट में वार कर दिया और चेहरे पर भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

