Ranchi:युवती से दुष्कर्म का प्रयास…असफल होने पर मारपीट कर किया घायल…आरोपी पड़ोसी निकला,पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल..
राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी ही पड़ोस की रहने वाली एक युवती के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया है।दुष्कर्म करने में असफल होने पर युवती के साथ मारपीट कर घायल कर दिया।युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चुटिया पुलिस ने आरोपी विकास पटेल उर्फ विक्रम पटेल ( 30 वर्ष) को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया है।
छत पर अकेली थी युवती,तभी हुआ हमला
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पीड़िता की उम्र करीब 20 वर्ष है। घटना 2 जनवरी शाम करीब 6 बजे की है, जब युवती घर पर अकेली थी। इसी दौरान छत से जोर-जोर से चीखने और बचाने की आवाज सुनाई दी। पीड़िता के पिता ने बताया कि आवाज सुनकर जब वह घर की छत पर पहुंचे तो देखा कि एक युवक उनकी बेटी को छत पर पटक कर उसके चेहरे पर हमला कर रहा था, उसका गला दबा रहा था और मुंह में उंगली डालकर चिल्लाने से रोकने की कोशिश कर रहा था।
कपड़े फाड़े, चेहरे पर दांत से काटा
आरोपी ने युवती के कपड़े फाड़ दिए थे और उसके चेहरे पर दांत से काटने के निशान भी पाए गए हैं। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया और उसने खुद को बचाने के लिए संघर्ष किया।
पिता ने बहादुरी दिखाकर बचाई बेटी
पीड़िता के पिता ने साहस दिखाते हुए आरोपी को बेटी के ऊपर से हटाया और उसे बचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों के सामने आरोपी की पहचान पड़ोस में रहने वाले विक्रांत पटेल के रूप में हुई।
पड़ोसी युवक निकला आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विक्रांत पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के पिता द्वारा थाना में दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इधर चुटिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पूनम कुजूर ने बताया कि पीड़िता के परिजनों के शिकायत मिलने के बाद त्वरित कारवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।आज आरोपी को जेल भेज दिया गया।पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

