Ranchi:मूसलाधार बारिश का कहर, कच्चा मकान ढहने से बच्चे की मौत, तीन घायल….

 

राँची।राजधानी राँची में लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। अब यह जानलेवा साबित होने लगी है। 6 जुलाई की देर रात रांची के सोनाहातु प्रखंड के तेलवाडीह गांव में भारी बारिश की वजह से एक कच्चा मकान ढह गया।इसकी वजह से मलबे में दबकर एक 12 साल के बच्चे की मौत हो गई।वहीं परिवार के तीन सदस्य घायल हैं मृत बच्चे का नाम शिवा प्रमाणिक था। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।लोग कह रहे हैं कि अगर वक्त पर इस परिवार को अबुआ आवास मिल गया होता तो ऐसा हादसा नहीं होता।

मृतक शिवा गांव के सुभाष प्रमाणिक का बेटा था और पास के सरकारी स्कूल में पढ़ाई करता था।हादसे के समय पूरा परिवार घर में ही सो रहा था।मृतक की माँ ने बताया कि रात 1 बजे के करीब यह हादसा हुआ। तब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। उस वक्त भारी बारिश हो रही थी।इसी बीच उनका मकान ढह गया।परिवार के सभी सदस्य मलबे में दब गये।शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे और सभी को बाहर निकाला।

पीड़ित परिवार के पड़ोसी धीरज प्रमाणिक ने बताया कि गांव वालों ने मिलकर सभी को मलबे से बाहर निकाला। लेकिन 12 साल के शिवा की हालत गंभीर थी। उसे एंबुलेंस से सिंहपुर ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।ग्रामीण धीरज प्रमाणिक ने बताया कि अगर सुभाष को ‘अबुआ आवास’ की सुविधा मिल गई होती तो ऐसी नौबत नहीं आती।उन्होंने बताया कि आवास के लिए कई बार आवेदन दिया गया। हर बार कहा जाता था कि प्रोसेस में है। अब सवाल है कि इसकी जवाबदेही कौन लेगा।इस हादसे से गांव के लोग सहमे हुए हैं. खास कर वैसे ग्रामीण जिनके घर मिट्टी के हैं।

इसपर, सोनाहातु के प्रखंड विकास पदाधिकारी खगेश कुमार ने बताया कि दुखद घटना घटी है।प्रशासन की तरह से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की कवायद शुरू कर दी गई है।उन्होंने बताया कि बेघर हो चुके परिवार को नजदीकी पंचायत भवन में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।उनसे पूछा गया कि आखिर इस गरीब परिवार को अबुआ आवास का लाभ क्यों नहीं मिला।जवाब में उन्होंने कहा कि आवेदकों की लिस्ट काफी लंबी है।पीड़ित परिवार का नाम काफी पीछे है। सीरियल के आधार पर ही आवंटन होना है।फिलहाल, मौजूदा हालात में बुनियादी जरुरत मुहैया कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

error: Content is protected !!