Ranchi:अनगड़ा इलाके में पहुंचा जंगली हाथी, महिला को कुचलकर मारा…
राँची।झुंड से अलग होकर एक जंगली हाथी अनगड़ा प्रखंड के घनी आबादी वाले इलाके में भटकर पहुंचा। इस हाथी ने मंगलवार की सुबह में लालगढ़ पतरा में महिला कुंती देवी (65) को कुचलकर मार डाला। रिहायशी इलाके में पहुंचने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। मृतका कुंती देवी सिमलिया निवासी कपिल प्रजापति की पत्नी थी। घटना सुबह पांच बजे हुई। कुंती देवी सुबह में अपने गांव के बगल में स्थित लालगढ़ पतरा में लकड़ी चुनने गई थी। इसी बीच पतरा के पास पहुंचा हाथी ने उसे अपनी सूंढ़ में लपेटकर पटक दिया। जमीन में गिरते ही कुंती देवी को पैर से कुचलकर मार डाला। मौके पर ही कुंती देवी की मौत हो गई। काफी देर तक कुंती देवी जब अपने घर नही पहुंची तो परिजनों ने उसे ढूंढने लालगढ़ पतरा गए। वहां कुंती देवी का शव देखा व पानी में हाथी तैरकर सालहन की ओर जा रहा था। फिलहाल हाथी सालहन पुल के पास जमा हुआ है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही वनविभाग व अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
बताया जा रहा है कि इस हाथी ने सोमवार की रात ग्यारह बजे गेतलसूद डैम मार्ग से गुजर रहे बारातियों को भी दौड़ाया था। काफी देर तक हाथी गेतलसूद मार्ग में खड़ा था। इससे डैम रोड में भी अफरातफरी मच गई थी। बताया जाता है कि यह हाथी सबह सुबह लालगढ पतरा पहुंचा था।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, भाजपा के पूर्व राँची जिलाध्यक्ष जैलेन्द्र कुमार, आजसू नेता वीरेन्द्र सिंह भोगता, भाजपा नेता नरेश साहू, चिलदाग मुखिया दुर्गा मुंडा, समाजसेवी रब्बानी राज, सावन कुमार महतो, वनविभाग की ओर से अनगड़ा के प्रभारी वनपाल नीतिन कुमार गुप्ता, शिवनारायण महतो, कृष्णा महतो मौके पर पहुंचे। वनविभाग की ओर से मृतका के पति को 25 हजार रूपया का तत्काल मुआवजा राशि प्रदान किया गया। नीतिन कुमार गुप्ता ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्यवाही के बाद मुआवजा की शेष राशि का भुगतान किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया।