राँची में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में चूक की खबर को राँची पुलिस ने बताया आधारहीन,जानें क्या है सच्चाई…
राँची।राँची में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में भारी चूक और उनके कारकेड (वाहन काफिले) के बीच एक स्कूटी सवार के घुसने की खबरें कुछ न्यूज़ चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चल रही थीं, हालांकि, इन दावों को राँची पुलिस ने आधारहीन बताया गया है,और उपलब्ध वीडियो फुटेज भी इसकी पुष्टि नहीं करते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को कथित ‘सुरक्षा चूक’ का प्रमाण बताया जा रहा है।वीडियो में एक स्कूटी सवार को सड़क पर आते हुए दिखाया गया है, जिसके पीछे कुछ गाड़ियाँ नज़र आ रही हैं।
वास्तविक स्थिति यह है,कि कारकेड निकल चुका था, वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राष्ट्रपति महोदया द्रौपदी मुर्मू, महामहिम राज्यपाल और माननीय मुख्यमंत्री का मुख्य वाहन काफिला (कारकेड) काफी आगे निकल चुका था। स्कूटी सवार जिस समय सड़क पर आया, उसके पीछे जो कुछ वाहन दिख रहे थे, वे मुख्य कारकेड का हिस्सा नहीं थे।ये गाड़ियाँ कुछ अधिकारियों की थीं जो बाद में आ रही थीं। स्कूटी चला रहा व्यक्ति दरअसल स्पेशल ब्रांच का जवान था।वह सूचना संकलन के लिए अपनी ड्यूटी पर तैनात था।जब मुख्य काफिला गुजर गया, तो यह जवान भी अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान, किशोरगंज चौक पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोका।
इसी घटना को देखकर कुछ लोगों में यह संशय उत्पन्न हो गया कि राष्ट्रपति के काफिले की सुरक्षा में चूक हुई है।इस प्रकार, यह स्पष्ट है कि स्कूटी सवार राष्ट्रपति के मुख्य कारकेड में घुसा नहीं था और न ही कोई सुरक्षा चूक हुई थी।जवान अपनी ड्यूटी निभा रहा था और काफिले के गुजरने के बाद सड़क पर आया था।
इधर राँची पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि “कुछ न्यूज चैनल और सोशल मीडिया पर राँची में माननीय राष्ट्रपति की सुरक्षा में चूक और उनके कारकेड के बीच एक स्कूटी सवार के घुसने की खबर चलाई जा रही है।राँची पुलिस यह स्पष्ट करना चाहती है कि इस तरह की बात आधारहीन है।वीडियो में साफ तौर पर देखा जा रहा है,कि जब राष्ट्रपति महोदया,महामहिम राज्यपाल और माननीय मुख्यमंत्री का कारकेड काफी दूर निकल चुका था तथा उसके बाद एयरपोर्ट पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपनी ड्यूटी से वापस लौट रहे थे तब पीछे पीछे एक स्कूटी सवार भी सड़क पर दिखता है जिसे प्रतिनियुक्त पुलिस कर्मी द्वारा एहतियातन रोका गया। जाँचोपरांत यह पाया गया कि वह विशेष शाखा का पुलिस कर्मी था जो आसूचना संकलन हेतु एयरपोर्ट पर प्रतिनियुक्त था तथा वो भी अन्य पदाधिकारियों की भांति अपने गंतव्य तक जा रहा था। यह पुनः स्पष्ट किया जाता है की वो गाड़िया किसी भी कारकेड का हिस्सा नहीं था। इसी को लेकर कुछ लोगों को संभवतः संशय हुआ कि काफिले की सुरक्षा में चूक हुई। राँची पुलिस के सभी कर्मी अपनी ड्यूटी हेतु सजग एवं प्रतिबद्ध हैं।”

