राँची पुलिस ने डोरंडा फायरिंग मामले का किया खुलासा,गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और कोयलांचल शांति सेना गिरोह के 7 सदस्य हथियार के साथ गिरफ्तार..

 

राँची।राजधानी राँची के डोरण्डा थाना क्षेत्र में चार अक्टूबर की रात सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर हुई हवाई फायरिंग की घटना का राँची पुलिस ने खुलासा कर दिया है।एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुजीत सिन्हा गिरोह और कोयलांचल शांति सेना (केएसएस) से जुड़े 7 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार अपराधियों में लालपुर का रहने वाला जितेश कुमार उर्फ पीटर, अभिषेक कुमार, चुटिया का रहने वाला संतोष मिश्रा, मंयक कुमार उर्फ रिषु महतो, राजू महतो, कांके का रहने वाला प्रिन्स मिश्रा और रातु का रहने वाला सुमित वर्मा शामिल है। इन अपराधियों के पास से दो पिस्टल समेत कई अन्य सामान बरामद किया गया है।शुक्रवार को सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी।

बीते चार अक्टूबर की रात करीब 11-12 बजे डोरण्डा स्थित सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर कुछ अज्ञात अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।जिसके बाद एसएसपी ने छापामारी दल का गठन किया।इसी दौरान रिंग रोड स्थित स्वर्ण रेखा नदी पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो स्पोर्ट्स बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उनकी तलाशी में दो लोडेड पिस्टल और गोली बरामद हुई।

पूछताछ में चारों ने खुद को सुजीत सिन्हा गिरोह’ और ‘कोयलांचल शांति सेना का सक्रिय सदस्य बताया और स्वीकार किया कि वे रंगदारी न मिलने पर कारोबारियों और व्यापारियों में भय पैदा करने के लिए उनके प्रतिष्ठानों के पास गोली चलाकर दहशत फैलाते थे। चारों आरोपियों की निशानदेही पर बाद में गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया।

error: Content is protected !!