राँची पुलिस ने नक्सली योगेंद्र गंझू समेत 4 नक्सली को किया गिरफ्तार
राँची। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) को तगड़ा झटका लगा है।लेवी वसूलने की तैयारी कर रहे 4 नक्सलियों को राँची पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।ये सभी कोयल शंख जोन में लेवी वसूलते थे।खलारी/मैक्लूस्कीगंज थाना क्षेत्र में लेवी वसूलने के लिए सभी एकत्र हुए थे,तभी गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और सभी को धर दबोचा।इनके पास से नक्सली परचा और लेटर पैड भी मिले हैं।पुलिस ने बताया कि खलारी थाना प्राथमिकी सं-46/25 दिनांक 07.07.25 धारा 308 (2)/308 (4) बीएनएस एवं 17 सीएलए एक्ट के तहत दर्ज केस के मामले में कार्रवाई की गयी है। 25 जून 2025 को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के महाप्रबंधक कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी से भाकपा माओवादी के कोयल शंख जोन कमेटी के मनोज जी के नाम से एक करोड़ रुपए लेवी की मांग की गयी थी। धमकी दी गयी थी कि 2 जुलाई तक लेवी का भुगतान नहीं किया, तो जान से मार देंगे।
सीसीएल कर्मचारी के लिखित आवेदन के आधार पर खलारी थाने में भाकपा माओवादी की कोयल शंख जोन कमेटी के मनोज जी एवं अन्य के विरुद्ध दर्ज की गयी थी। कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक खलारी के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल केस का खुलासा करने के लिए माओवादियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी बीच, रविवार 13 जुलाई और सोमवार 14 जुलाई 2025 की दरम्यानी रात छापेमारी दल को सूचना मिली कि भाकपा माओवादी के 4-5 सक्रिय सदस्य बक्सी बंगला चट्टी नदी के पास व्यवसायियों, ठेकेदारों एवं ईंट-भट्ठा मालिकों से लेवी वसूलने के लिए एकत्र हुए हैं। छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बक्सी बंगला चट्टी नदी के किनारे घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर भाकपा माओवादियों के सदस्यों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल की मदद भाकपा माओवादियों के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी तलाशी लेने पर योगेंद्र गंझू उर्फ पवन जी के पास एक लोडेड देशी पिस्तौल और 3 गोलियां मिलीं। मुकेश गंझू के पास से लेवी वसूलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड बरामद हुआ।मन्नू गंझू के पास से प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के लेटर पैड बरामद हुए।
बताया जाता है कि नक्सली योगेंद्र गंझू उर्फ पवन जी से पूछताछ में पता चला कि यह वर्ष 2006 में भाकपा माओवादी संगठन से जुड़ा था। इसके कार्य को देखते हुए इसे वर्ष 2006 के अंत में गारू सरयू क्षेत्र का एरिया कमांडर बना दिया गया। वर्ष 2009 में उसे उसी क्षेत्र का सब-जोनल कमांडर बनाय दिया गया। यह सबसे पहले वर्ष 2006 में ही गारू (लातेहार) थाना में दर्ज एक केस के सिलसिले में जेल गया था।वर्ष 2008 में जेल से छूटने के बाद फिर से संगठन के कार्यों में सक्रिय हो गया।
वर्ष 2012 में इसे रातू थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वर्ष 2022 में वह जेल से छूटा और इसके बाद पार्टी से दूरी बना ली। अपने केस में कोर्ट में लगातार हाजिर हो रहा था। पैसे की तंगी की वजह से माओवादी के कोयल शंख क्षेत्र के जोनल कमांडर रवींद्र गंझू के निष्क्रिय हो जाने के कारण योगेंद्र ने मुकेश गंझू, मन्नू गंझू एवं राजकुमार नाहक के साथ मिलकर इस क्षेत्र में पार्टी को खड़ा किया। क्षेत्र के ठेकेदारों, व्यवसायियों, क्रशर मालिकों और ईंट-भट्ठा मालिकों को जान मारने की धमकी देकर लेवी वसूलने लगा।
कई बार उसके दस्ते की पुलिस से मुठभेड़ हुई।गारू (लातेहार) थाना क्षेत्र के कटीया जंगल में मुठभेड़ हुई थी, जिसमें पुलिसकर्मी मारे गये थे।सेंट्रल कमेटी के सदस्य अरविंद जी के कहने पर मृत पुलिसकर्मी के पेट में बम लगाने के लिए एक्सपर्ट को लेकर योगेंद्र गंझू ही कटीया जंगल गया था। इस संबंध में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार भाकपा माओवादियों के नाम
–योगेंद्र गंझू उर्फ पवन गंझू पे स्व बखोरी गंझू, पता बातुमांग कोरना सिरम, थाना बारियातु (बालूमाथ), जिला लातेहार
–मुकेश गंझू पे स्व बाबुलाल गंझू ग्राम बेलगड़ा, बजरमरी टोला, थाना चंदवा, जिला लातेहार
–मनु गंझू पे सुधन गंझू पता हेसालौंग गंझू टोला, थाना मैक्लुस्कीगंज, जिला राँची
–राजकुमार नाहक पे मोचीराम नाहक, पता मोहन नगर डकरा, थाना खलारी, जिला राँची
योगेंद्र गंझू उर्फ पवन जी का अपराधिक इतिहास
बालुमाथ थाना कांड सं-14/11 दिनांक 19.07.11 धारा 147/148/149/353 / भादवि एवं 17 सीएलए एक्ट
गारू थाना कांड सं-21/11 धारा 147/148/149/307/353/121/122 भादवि, 27 आर्म्स एक्ट तथा 17 सीएलए एक्ट एवं 3/4/5 बिपदा अधिनियम
गारू थाना कांड सं-22/11 धारा 329/337/338 भादवि 27 आर्म्स एक्ट तथा 17 सीएलए एक्ट
लातेहार थाना कांड सं-137/12 धारा 147/148/149/341/342/379/447/448/504/506 भादवि एवं 17 सीएलए एक्ट
बरवाडीह थाना कांड सं-01/13 धारा 147/148/149/353/307 भादवि, 25 (1-बी) ए 26/27/35 आर्म्स एक्ट तथा 17 सीएलए एक्ट
बरवाडीह थाना कांड सं-136/12 धारा 341/342/323/504/395/397 भादवि एवं 17 सीएलए एक्ट
बरवाडीह थाना कांड सं-02/13 धारा 147/148/149/353/307/302/379/121 भादवि, 27 आर्म्स एक्ट तथा 17 सीएलए एक्ट
लातेहार थाना कांड सं-135/11 धारा 147/148/149/353/307/324/325/337/338/427 भादवि, 25(1-बी) ए 26/27/35 आर्म्स एक्ट तथा 17 सीएलए एक्ट
बालुमाथ थाना कांड सं-11/12 धारा 147/148/149/302/307/353/379/332/333 भादवि, 27 आर्म्स एक्ट तथा 17 सीएलए एक्ट एवं 17 सीएलए एक्ट एवं अन्य कई कांडों में आरोपी
पांकी (पलामू) थाना कांड सं-46/13 धारा 147/149/353/307 भादवि 3/4/5 विपदा अधिनियम
मुकेश गंझू का अपराधिक इतिहास
चंदवा थाना कांड सं-113/17 धारा 379/411 भादवि
चंदवा थाना कांड सं-76/21 धारा 379/34 भादवि
लोहरदगा थाना कांड सं-02/24 धारा 3(ए) आरडी (यूपी) एक्ट
4 सिविल कोर्ट पलामू आरएआई नं0-2919 धारा ३ (ए) आरपी (यूपी) एक्ट
नक्सलियों के पास से बरामद सामानों का विवरण
एक लोडेड देसी पिस्तौल
03 कारतूस (गोलियां)
रेडमी कंपनी का मोबाईल फोन सिम सहित, जिससे लेवी की मांग की गयी थी
07 पीस प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी का पर्चा/लेटर पैड

