Ranchi:युवती को ऑनलाइन दोस्ती करना महंगा पड़ा…साइबर अपराधियों ने 8.51 लाख रुपये ठग लिए…
राँची।राँची की एक युवती से ऑनलाइन दोस्ती कर साइबर अपराधी ने 8.51 लाख रुपए ठग लिए। पीड़िता पूनम कुमारी ने साइबर क्राइम शाखा में प्राथमिकी की है। किशोरगंज निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि निश्चल शाह नामक शख्स से उसकी जान पहचान हुई। जो खुद को एलटी कंपनी बेंगलुरु में आर्किटेक्ट बताता है। वह खुद को नेपाल निवासी बताकर भारत में नौ वर्षों से रह रहा है। आरोप है कि युवक ने फ्लैट खरीदने, रजिस्ट्रेशन कराने और ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर उससे मोटी रकम ऐंठ ली।
खाता फ्रीज होने का झांसा देकर की ठगी
युवती ने बताया कि आरोपी ने शुरुआत में झूठे वादे कर विश्वास जीत लिया।फिर चेक भेजने का बहाना कर कई बार पैसे मांगे। बताया गया कि आरोपी के बैंक खाता फ्रीज हो गया हैं, जिसके चलते वह भुगतान नहीं कर पा रहा है। इसके अलावा उसने यह भी झूठा दावा किया कि बैंक मैनेजरों और सीए द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। युवती को फर्जी चेक रसीदें और एमटीसीएन नंबर भी भेजे गए। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी के पास कई मोबाइल नंबर हैं, जिनसे वह कॉल और मैसेज करता रहा। इनमें से एक नेपाल का नंबर भी शामिल है। इसे वह अपने पिता राकेश शाह का नंबर बताया है। आरोपी द्वारा धमकी भी दी गई कि अगर दस दिनों के भीतर शिकायत वापस नहीं ली गई तो वह अपना नंबर बंद कर देगा और कभी नहीं मिलेगा। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने न केवल उससे बल्कि अपने एक अन्य दोस्त से भी एक लाख रुपये लिए हैं। मामला पूरी तरह से ठगी और मानसिक शोषण का है।

