Ranchi:माँ को बेल्ट से पीटा, अगली सुबह माँ का फंदे से लटका मिला शव…बहन की शिकायत पर भाई के खिलाफ केस दर्ज…
राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र के मकचुंद टोली में बेटे द्वारा मारपीट से आहत महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।मृतका महिला की पहचान 56 वर्षीय सुनीता देवी के रूप में हुई है।मृतका की बेटी की शिकायत पर चुटिया थाना पुलिस ने महिला के बेटे राहुल केसरी पर अपनी माँ को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया है।
मृतका की विवाहिता पुत्री रूबी केसरी के अनुसार बीते 5 मई 2025 को राहुल ने अपनी माँ के साथ मारपीट की थी। रूबी ने बताया कि उसके भाई ने माँ को बेल्ट और मुक्के से मारा था। माँ के साथ मारपीट करने के बाद राहुल घर से निकल गया।इस दौरान सुनीता देवी घर पर अकेली थी।अगली सुबह 6 मई को पड़ोसियों से जानकारी मिली कि घर का दरवाजा कोई नहीं खोल रहा है।
रूबी ने बताया कि मामले की जानकारी होते ही वह अपने ससुराल भरकुंडा से राँची आयी। जब उसने दरवाजा खोला, तो देखा कि सुनीता देवी फंदे से लटकी हुई है। रूबी ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका भाई राहुल केसरी अक्सर माँ के साथ मारपीट और प्रताड़ित करता था।