Ranchi:मोबाइल छीनकर गाड़ी में बैठाया, पिस्टल दिखाकर 2.17 लाख लूटे…

 

राँची।एचईसी सेक्टर-2 निवासी कार्तिक सुब्रह्मण्यम से पांच बदमाशों ने दिनदहाड़े 2.17 लाख रुपए की ठगी कर ली। इस संबंंध में जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना 19 जुलाई की है। कार्तिक दोपहर 12:30 बजे टहलने निकले थे। बिरसा चौक के पास एक कार आकर रुकी। उसमें से एक व्यक्ति उतरा और कार्तिक का मोबाइल छीन लिया। उसने आरोप लगाया कि कार्तिक ने उसके भाई से चार लाख की ठगी की है। गाड़ी में बैठने को मजबूर किया। डर के कारण कार्तिक गाड़ी में बैठ गए। थोड़ी देर में तीन और लोग पीछे से आए और गाड़ी में बैठ गए। कार्तिक को बीच में बैठाकर मारपीट की। फिर गाड़ी धुर्वा गोलचक्कर और प्रभात तारा मैदान ले जाई गई। वहां पिस्टल दिखाकर धमकाया। मोबाइल का लॉक नंबर और यूपीआई का एम-पिन भी ले लिया। एक वीडियो भी बनाया, जिसमें कार्तिक से जबरन कहलवाया गया कि वह गे हैं। वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश कार्तिक को हिनू ले गए। एटीएम में कार्डलेस ट्रांजेक्शन नहीं हो पाने पर अरगोड़ा ले गए। वहां खाते में पैसे ट्रांसफर किए। फिर पुंदाग शाखा के एटीएम से पैसे निकाले। इसके बाद सेटेलाइट चौक के पास रेलवे पुल ले गए। वहीं रुककर ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड से जमकर खरीदारी की। कार्तिक के गिड़गिड़ाने पर बदमाश उन्हें भुसूर कटिंग के पास छोड़ गए। धमकी दी कि किसी को कुछ बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे और जान से मार देंगे। मोबाइल स्विच ऑफ कर वापस दिया। शाम 5 बजे किसी तरह घर पहुंचे।पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

error: Content is protected !!