Ranchi:रेस्टोरेंट मालिक की हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम..आश्वासन के बाद जाम हटा..जमीन माफिया और शूटर की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी..!

 

राँची।राजधानी राँची में धनतेरस (शनिवार) की देर रात कांके रोड में प्रसिद्ध चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय की हत्या के विरोध में गुस्साए स्थानीय लोगों ने कांके रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया।सैकड़ों की संख्या में लोगों ने राँची-पिठोरिया सड़क को ब्लॉक कर दिया।चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार की सुबह कांके रोड पर जबरदस्त हंगामा किया गया।जैसे ही लोगों को यह जानकारी मिली कि शनिवार की देर रात अपराधियों ने रेस्टोरेंट में घुसकर विजय की हत्या कर दी, लोग आक्रोशित हो गए।स्थानीय लोग मौके पर जुटे और सड़क जाम कर दिया।

लोगों में पुलिस प्रशासन को लेकर बेहद आक्रोश दिखा। स्थानीय लोगों ने कहा कि थाना की पुलिस सिर्फ वसूली का काम कर रही है। कानून व्यवस्था के संबंध में अयोग्य लोगों को थाना प्रभारी बनाया जा रहा है,जिससे अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।लगभग 1 घंटे तक पुलिस और लोगों के बीच जाम हटाने को लेकर मान मनौव्वल चलता रहा। मौके पर वरीय पुलिस अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझाया।वहीं लोगों के आक्रोश को देखते हुए कांके रोड में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। भीड़ को पुलिस के द्वारा आश्वासन दिया गया है कि रेस्टोरेंट मालिक की हत्या में शामिल अपराधियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस प्रशासन के समझाने के बाद आम लोगों ने जाम खत्म कर दिया, जिसके बाद सड़क पर वाहनों का परिचालन शुरू हो पाया।

गौरतलब है कि शनिवार की देर रात बिरयानी को लेकर हुए विवाद में चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों के द्वारा वेज बिरयानी की मांग की गई थी लेकिन किसी स्टाफ की गलती की वजह से उनके पास नॉनवेज बिरयानी चली गई, इस मामले ने इतना तूल पकड़ लिया कि अपराधियों ने रेस्टोरेंट में बैठे विजय की गोली मारकर हत्या कर दी।

वहीं पुलिस कुछ जमीन माफिया तलाश में जुटी है।आशंका जताया जा रहा कि कहीं जमीन विवाद में ये हत्या तो नहीं हुई है।जिस जमीन माफिया की तलाश है वो फरार बताया जा रहा है।वहीं हत्या करने वाले शूटर की तलाश में छापेमारी जारी है।कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।पुलिस का दावा है मामले का जल्द खुलासा किया जायेगा।

error: Content is protected !!