Ranchi:लड़की को ज़बरदस्ती शराब पिलाई…लड़की ने फोन कर दोस्त को बुलाया तो दो युवकों ने की मारपीट,मोबाइल और एक लाख रुपये लूटा, केस दर्ज
राँची।राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरु कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय चिराग ने रिंग रोड स्थित मेहता बार के पास मारपीट और लूट की प्राथमिकी 8 जुलाई को जगरनाथपुर थाने में दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार चिराग ने बताया कि उसकी दोस्त श्रेया ने शाम 4 बजे फोन कर बताया कि वह अपने दो दोस्तों राजीव सिंह और अंकित सिंह के साथ रथ मेला घूमने जा रही है। दोनों युवक तुपुदाना,राँची के रहने वाले हैं। शाम 8 बजे श्रेया ने चिराग को कॉल कर बताया कि राजीव और अंकित उसे जबरन रिंग रोड स्थित मेहता बार लेकर गए। वहां जबरदस्ती शराब पिलाई। फिर घर नहीं छोड़ा। उसे बिरसा चौक स्थित रॉयल होटल के सामने ले गए। सूचना मिलने पर चिराग मौके पर पहुंचा। वहां श्रेया मिली।राजीव और अंकित थोड़ी दूरी पर खड़े थे। चिराग को देखते ही दोनों ने गाली-गलौज की। जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया। जमीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान दोनों ने चिराग की जेब से मोबाइल और उसमें लगा सिम निकाल लिया। जेब में रखे एक लाख रुपये भी लूट लिए। यह रकम उसको उसके पिता ने किसी को देने के लिए दी थी। चिराग के गले में चेन भी था, जिसे मारपीट के दौरान छीन लिया गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर विराग की जान बचाई। इसके बाद चिराग ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी। पिता उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए।चिराग ने बताया कि आरोपियों ने धमकी दी कि अगर थाने गया तो जान से मार देंगे। श्रेया को भी धमकाया कि किसी से कुछ कहा तो अंजाम बुरा होगा। डर के कारण थाने आने में देरी हुई। चिराग ने पुलिस से राजीव सिंह और अंकित सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

