Ranchi:क्या हथियार तस्करों की धमकी पर रवि सिंह ने की आत्महत्या….जांच में जुटी है पुलिस..
राँची।राजधानी राँची के लालपुर थाना क्षेत्र में लोअर वर्द्धमान कंपाउंड के रवि सिंह का शव शनिवार को रिम्स में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को दे दिया गया। हालांकि लालपुर पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में रवि का हथियार व ब्राउन शुगर के तस्करों से संपर्क होने की बात सामने आई है।बता दें पुलिस ने उसे लगातार पूछताछ के लिए थाना बुलाया तो यह सूचना तस्करों को हो गई। पुलिस को शक है कि तस्करों की धमकी के चलते रवि ने खुदकुशी की होगी। पुलिस अब जिन हथियार व ब्राउन शुगर तस्करों से रवि की चैटिंग हुई है, उन सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी।सिटी एसपी पारस राणा ने शनिवार को बताया कि मौत की वजह का पूरा खुलासा पुलिस जल्द करेगी। बता दें कि लोअर वर्द्धमान कंपाउंड के रवि शुक्रवार को फंदे से लटका मिला था।
पुलिस ने बताया, रवि को 22 नवंबर को बाइक चोरी के आरोप में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। उसके मोबाइल की जांच की गई तो कई हथियार व ब्राउन शुगर के तस्करों के साथ रवि की चैटिंग के साक्ष्य मिले। साथ ही हथियार व ब्राउन शुगर की तस्वीर भी मिली है। पुलिस को शक है कि रवि और तस्करों के बीच संबंध था। आशंका जताई गई है कि रवि के प्रतिदिन थाना जाने की जानकारी मिलने के बाद तस्करों ने उसे धमकी दी होगी। इसके बाद उसने ऐसा कदम उठाया।
रवि के मोबाइल में दिवेश नामक शख्स का नंबर भी मिला है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिवेश यूपी निवासी है। उसी ने हथियारों की फोटो रवि के फोन पर भेजी थी। पुलिस संबंधित नंबर के बारे में भी जांच कर रही है।
इधर मृतक के भाई चंदन ने आशंका जताई है कि आत्महत्या के लिए जिम्मेवार सप्लायर या आपराधिक प्रवृति के लोग हो सकते हैं, जो रवि को गलत धंधे में ले जाना चाहते थे। ऐसे में परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

