Ranchi:जंगल से भटककर गांव पहुंचा हिरण का बच्चा, इलाज से पहले ही मौत,जांच में जुटी है वन विभाग की टीम…

 

राँची।जिले के नामकुम के सौदाग पंचायत स्थित बड़ पहाड़ जंगल से शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे भटककर दो हिरण के बच्चे अपर डहू गांव की ओर आ गए। ग्रामीणों ने दोनों को दौड़ाकर वापस जंगल की ओर भगाने की कोशिश की, इसी दौरान एक हिरण का बच्चा गिरकर बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के पदाधिकारी राहुल महली गांव पहुंचे और हिरण के बच्चे को कब्जे में लेकर उसका इलाज कराने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

वहीं, दूसरा बच्चा मौके से गायब हो गया। गांव के मुखिया पतरस तिर्की ने बताया कि एक हिरण का बच्चा भटककर गांव में आ गया था, लेकिन उसकी मौत कैसे हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है।उन्होंने बताया कि फिलहाल एक ही हिरण के बच्चे के मरने की पुष्टि हुई है।

जेएमएम के पूर्व जिला सह सचिव प्रसेनजीत सिंह देव ने बताया कि बड़ पहाड़ जंगल से इन दिनों अक्सर हिरण और राष्ट्रीय पक्षी मोर भटककर गांव की ओर आ जाते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि पशु तस्कर इनका शिकार कर तस्करी करते हैं। उन्होंने वन विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके

error: Content is protected !!